रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी के एडीजी जे चक्रवर्ती ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रूपईडीहा चेक पोस्ट पहुंचकर सीमा क्षेत्र का मुआयना किया। नोमेंस लैंड का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की टोह ली।
एडीजी ने तस्करी व भारत विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के टिप्स सुझाए। कहा, जवान सीमा पार करने वालों की सघन तलाशी लें। एसएसबी के अपर महानिदेशक ज्योतिर्मय चक्रवर्ती रविवार देर शाम को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा के एसएसबी बार्डर आउटपोस्ट पर पहुंचे।
वहां एसएसबी जवानों ने उन्हें गार्ड आफ आनर की सलामी दी। इसके बाद अपर महानिदेशक चक्रवर्ती नें 59वीं वाहिनी के सभी चौकियों का निरीक्षण कर नोमेंस लैंड का भी मुआयना किया। एडीजी ने इस मौके पर नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों से भी मुलाकात कर सुरक्षा के मुद्दे पर मंथन किया।
निरीक्षण के बाद एसएसबी के अधिकारियों के साथ बैठक कर अपर महानिदेशक ने सीमा के ग्रामीण और जंगली रास्तों से होने वाली घुसपैठ, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की तस्करी पर चर्चा कर उस पर और बेहतर तरीके से रोक लगाने के टिप्स सुझाए।
बार्डर आउटपोस्ट के जवानों से रू-ब-रू होकर संवाद स्थापित कर समस्याएं जानी। सभी जवानों को कर्तव्य निष्ठा का भी पाठ पढ़ाया। इस मौके पर आईजी लखनऊ सौरभ त्रिपाठी, आईपीएस अनिल कुमार गिरी कमांडेंट, वीरेंद्र कुमार असिस्टेंट कमांडेंट, पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय प्रकाश सिंह, एसएसबी के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।