रेउसा के भवानीपुर गांव में गन्ने के खेत में छिपा, दो बार बोला हमला, कॉम्बिंग में जुटी वन विभाग की टीम
तंबौर/ सीतापुर। रेउसा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भवानीपुर गांव के पास हुए तेंदुए के हमले में आठ लोग जख्मी हो गए। पहले तेंदुआ ने खेत में गन्ने की कटाई कर रहे एक किसान समेत दो लोगों पर हमला बोलकर उन्हें जख्मी किया। इस घटना के करीब नौ घंटे बाद फिर तेंदुआ ने एक सिपाही समेत छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
दो बार के हमले में तेंदुए ने आठ लोगों को घायल किया। सभी को तंबौर सीएचसी भेजा गया। हमला करने के बाद तेंदुआ फिर गन्ने के खेत में ही जाकर छिप गया। सूचना पाकर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए को काबू करने के प्रयास में जुटी हुई थीं। मदद के लिए लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीमें भी पहुंच गई थीं।
रेउसा के ग्राम भवानीपुर निवासी अजय कुमार (25) शुक्रवार सुबह गांव के बाहर अपने खेत में गन्ने की फसल काटने गया था। बताते हैं कि खेत में एक तेंदुआ बैठा हुआ था, किसान जैसे ही खेत में पहुंचा, तेंदुए ने उसके ऊपर हमला बोल दिया। अजय की चीख सुनते ही पड़ोस खेत में मौजूद इतवारी लाल (35) दौड़कर मदद के लिए पहुंचा।
इसी बीच तेंदुए ने इतवारी पर भी वार कर दिया। हमले में अजय व इतवारीलाल जख्मी हो गए। इनकी चीख सुनते ही गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर मदद को दौड़े। इस पर तेंदुआ गांव के लज्जाराम के गन्ने के खेत में चला गया। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को कस्बे की सीएचसी भेजने के साथ सूचना वन विभाग को दी।
खबर पाते ही एसडीएम लहरपुर पूर्णिमा सिंह व डीएफओ डॉ. अनिरुद्ध पांडेय मय वन विभाग व पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने खेत की घेराबंदी करने के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा और लखनऊ तथा दुधवा से मदद मांगी।
दोपहर के वक्त लखनऊ से डब्ल्यूटीआई व दुधवा नेशनल पार्क से रैपिड डिस्पोज, ट्रीट टाइगर प्रोजेक्ट की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मदद के लिए रेउसा, तंबौर, सकरन थाने का पुलिस बल व नगर पालिका की टीम भी पहुंची। काफी देर तक खेत की खाक छानने के बाद शाम करीब पांच बजे वन विभाग ने घोषणा कर दी कि तेंदुआ निकल गया।
इस पर ग्रामीणों ने खेत को झाड़ना शुरू कर दिया। इसी बीच तेंदुआ खेत में दहाड़ मारता हुआ सामने आ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता तेंदुआ ने सकरन थाने के सिपाही विनोद कुमार (40), भवानीपुर के प्रमोद (26), गुड्डू (35), रामखेलावन (40), सरजूपुर के खुशीराम, कटरा रायपुर के दिलीप पर हमला कर दिया।
इससे छह लोग जख्मी हो गए। इन लोगों पर हमला करने के बाद तेंदुआ वापस खेत में चला गया। दोबारा हुए हमले के बाद वन विभाग की टीम के होश उड़ गए। इसके बाद फिर से तेंदुए को पकड़ने की कवायद शुरू की गई। देर शाम समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम तेंदुए को काबू करने के प्रयास में जुुटी हुई थीं।
तेंदुआ ही है खेत में
खेत में मौजूद जानवर तेंदुआ ही है, उसको भलीभांति देखा गया है। उसके पग चिन्ह भी देखे गए हैं। दोपहर बाद वह सामने भी आया है। उसको पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-डॉ. अनिरुद्ध पांडेय, डीएफओ