मटेराचौराहा (बहराइच)। मायके से लौट रहे बाइक सवार दंपती को एक तेज रफ्तार बस ने रौंदा दिया। बाइक पर मासूम बच्ची भी थी। हादसे में बुआ और भतीजी की मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक को जेल भेज दिया गया। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
रुपईडीहा थाना अंतर्गत निधिनगरा गांव निवासी रामनरायन की ससुराल रिसिया थाना के सिसई सलोन गांव में है। ससुराल में पत्नी रेशमा के बाबा की मौत पखवारे भर पूर्व हुई थी। मंगलवार को रेशमा मायके में आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पति रामनरायन व देवर-देवरानी, भतीजी के साथ गई थी।
कार्यक्रम के बाद सभी मंगलवार को दो बाइक से गांव के लिए रवाना हुए। रामनरायन के साथ पत्नी रेशमा और छह माह की भतीजी प्रज्ञा एक बाइक पर सवार थे। दूसरी बाइक पर देवर व देवरानी थे। कोतवाली नानपारा अंतर्गत नानपारा-बहराइच मार्ग पर मटेराचौराहे के निकट बाइक सवार दंपती पहुंचे।
बहराइच की ओर से नानपारा जा रही प्राइवेट बस ने पीछे से रौंद दिया। मौके पर ही रेशमा (30) की मौत हो गई। भतीजी प्रज्ञा ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों को बस को पकड़ लिया। सूचना पाकर सीओ विजय प्रकाश सिंह, चौकी इंचार्ज मटेरा अजय कुमार पांडेय, महीप शुक्ला, पवन यादव पहुंचे।
उन्होंने मृतका के पति रामनरायन की तहरीर पर केस दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बस को भी कब्जेे में ले लिया है। सीओ ने बताया कि चालक को जेल भेज दिया गया है।