कटे पेड़ से रास्ता रोक कार सवारों को लूटा
सीतापुर। तालगांव कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात सशस्त्र बदमाशों ने सड़क पर पेड़ काटकर डाल दिया। इसके बाद रास्ता रोककर कार सवार तीन लोगों से लूटपाट की। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के अंदेसर नगर निवासी राहुल अपने मित्र शैलेंद्र व मोहम्मदी पुर निवासी राजेश के साथ बुधवार रात कार से विसवां जा रहे थे।
बताते हैं कि लहरपुर बिसवां मार्ग पर तालगांव कोतवाली क्षेत्र में न्यामूपुर गांव के पास सशस्त्र बदमाशों ने भारी भरकम पेड़ काटकर सड़क पर डाल दिया था।
रास्ता अवरुद्ध कर बदमाश आसपास छिपे थे। जैसे ही कार वहां पहुंची सड़क बंद होने के कारण उन्हें कार रोकनी पड़ी। कार रुकते ही करीब में छिपे आठ ससस्त्र बदमाश वहां आ धमके।
बदमाशों ने कार सवार तीनों लोगों को बाहर निकाल लिया। जिसके बाद तमंचे धमकाते हुए राहुल से तीन हजार रुपये कैश, सोने के अंगूठी, मोबाइल फोन, शैलेंद्र के पास 2500 कैश व अंगूठी तथा राजेश के पास 1700 कैश लूट लिया।
इसके बाद बदमाश मुंह न खोलने की धमकी देकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित तालगांव कोतवाली पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक योगेश शाह ने बताया कि, घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।