वकीलों ने निकाला पैदल मार्च, डीएम दफ्तर घेरा
अंबेडकरनगर। अधिवक्ता पत्नी हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को पदमार्च के बाद डीएम कार्यालय का घेराव किया।
बांहों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर अधिवक्ताओं ने कहा कि, घटना को लगभग एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस अब तक खुलासा करने में विफल रही है।
डीएम व एएसपी ने अधिवक्ताओं को जल्द खुलासे का भरोसा दिलाकर शांत कराया। टांडा, आलापुर, जलालपुर में भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर घटना के खुलासा की मांग की।
मालूम हो कि, टांडा तहसील के पुंथर निवासी अधिवक्ता जुनैद अहमद की पत्नी शहनाज की बीते दिनों अज्ञात लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्घ केस दर्ज किया था।
अधिवक्ताओं की चेतावनी के बावजूद घटना का खुलासा नहीं होने बार एसोसिएशन ने घेराव का निर्णय लिया था।
इसी क्रम में शुक्रवार को बड़ी तादाद में अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन परिषद से बांहों में काली पट्टी बांधकर पदमार्च निकाला।
प्रशासन व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां डीएम कार्यालय का घेराव किया।
अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ यादव, सचिव शिवप्रसाद, वरिष्ठ अधिवक्ता ताराकांत त्रिपाठी, विनोद श्रीवास्तव, देवेंद्र प्रसाद सिंह की अगुवाई में एकजुट अधिवक्ताओं ने पुलिस पर मामले में हीलाहवाली बरतने का आरोप लगाया।
घेराव के बीच डीएम सुरेश कुमार व एएसपी ओपी सिंह वहां पहुंचे और अधिवक्ताओं से मुलाकात की। डीएम व एएसपी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
एएसपी ने अधिवक्ताओं को अब तक की प्रगति से अवगत कराते हुए एक सप्ताह की मोहलत मांगी। इसके बाद अधिवक्ताओं का प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र पटेल, सैय्यद शामिन हुसैन, इंद्रमणि शुक्ल, शैलेंद्र मिश्र, श्रीप्रकाश सिंह, मनीराम यादव आदि मौजूद रहे।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रामसिंगार यादव व महामंत्री राजेश सिंह की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने टांडा तहसील परिसर से पदमार्च निकाला। बाद में सीओ वीके श्रीवास्तव की मौजूदगी में एसडीएम नरेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर घटना के अविलंब खुलासे की मांग की गई।
प्रदर्शन में दिलीप मांझी, शैलेंद्र उपाध्याय, अजय श्रीवास्तव, हेलाल अशरफ, श्रीकांत वर्मा, शेरबहादुर सिंह, जेपी तिवारी आदि मौजूद रहे।
आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार महामंत्री राकेश तिवारी, पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ल, जगन्नाथ मिश्र, काली प्रसाद, रामअचल गुप्त, सईद आदि की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम रामशंकर को ज्ञापन सौंपा।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, अध्यक्ष संत प्रसाद पांडेय की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की।
भीटी प्रतिनिधि के मुताबिक, अधिवक्ताओं ने तहसील में कार्य से विरत रहकर विरोध जताया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।