बीकापुर (फैजाबाद)। मख भूमि मखौड़ा से शुरू हुई अयोध्या धाम की 84 कोसी पारंपरिक परिक्रमा महंत गयादास के नेतृत्व में अपने कई पड़ाव स्थलों से गुजरती हुई शनिवार को अपने सातवें पड़ाव स्थल विकासखंड क्षेत्र के पौराणिक स्थल सीताकुंड तोरोमाफी दराबगंज पहुंची। धर्मस्थल के सरवराहकार सुरेश चंद्र पांडे, उमेश पांडे, बबलू पांडे, बिंदेश्वरी पांडे समेत ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर के परिक्रमार्थियों का स्वागत किया। दोपहर में भंडारे का आयोजन किया गया।
परिक्रमार्थियों ने पवित्र सीता कुंड सरोवर में स्नान करके धर्मस्थल पर स्थित हनुमानगढ़ी और दुग्धेश्वर नाथ मंदिरों में पूजा अर्चना की। परिक्रमा में फैजाबाद, अयोध्या के अलावा मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, नेपाल के श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सतीश चंद्रा ने टीम के साथ पहुंचकर परिक्रमार्थियों का दवा उपचार किया। शनिवार रात सीताकुंड पर विश्राम के बाद परिक्रमा खेमासराय रूरू खास होते हुए अपने आठवें पड़ाव स्थल ढेमा वैश्य हैरिंग्टनगंज के लिए प्रस्थान कर गई।
विहिप की परिक्रमा पहुंची इनायतनगर
अमरगंज। विहिप के तत्वावधान में आयोजित 84 कोसी परिक्रमा का जत्था शनिवार सुबह इनायतनगर बाजार स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता शत्रुघ्न पांडेय के आवास पर पहुंचा। जहां पर मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन मौर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश यादव, विनय रावत आदि ने स्वागत किया। यात्रा के आठवें दिन इनायतनगर बाजार पहुंचे लगभग चार सौ परिक्रमार्थियों को भोजन करा दक्षिणा भेंट की गई। दोपहर का भोजन और विश्राम के करने के बाद परिक्रमा रात्रि विश्राम स्थल जन्मेजय कुंड सिड़सिड़ के लिए रवाना हो गई। इस मौके पर देवेंद्र मणि त्रिपाठी, भवानी फेर मिश्र, मनोज पांडे, मुकेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।