लखनऊ में नासूर बन चुकी जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने योजनाएं बनाकर शासन को भेजी हैं। हजरतगंज से लेकर पॉलीटेक्निक चौराहे के पास की सड़कों को चौड़ा करने का प्रस्ताव है। शासन से मंजूरी के बाद 13 सड़कों के चौड़ीकरण का काम शुरू हो जाएगा।
पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय के मुताबिक, आए दिन जाम की समस्या की शिकायत लोग करते हैं। इसे देखते हुए पूर्व डीसीपी यातायात चारू निगम व एडीसीपी सुरेश चंद्र रावत ने विशेष योजना तैयार की। इसके तहत 13 सड़कों को चौड़ा करने का प्रस्ताव दिया गया है। ये सभी काम स्मार्ट सिटी योजना के तहत किये जाने है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद तत्काल काम शुरू हो जाएगा। सड़कों के चौड़ा होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय के मुताबिक, हजरतगंज के सिकंदरबाग चौराहे से संकल्प वाटिका तक जाने वाली सड़क कम चौड़ी है। इससे अक्सर जाम लग जाता है। इसे दूर करने के लिए एनबीआरआई से सात मीटर जमीन अधिग्रहीत करने का प्रस्ताव बनाया गया है। ताकि सड़क को चौड़ा किया जा सके।
वहीं, जवाहर भवन से हजरतगंज अटल चौक तक की सड़क को चौड़ा करने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। जवाहर भवन से इलाहाबाद बैंक (इंडियन बैंक) तक तक सड़क की पांच मीटर चौड़ाई बढ़ाई जानी है। वहीं, बाएं तरफ जाने वाले वालों के लिए अलग से लेन बनाई जा सके।