इकौना भिनगा मार्ग का जल्द होगा पुर्ननिर्माण ।
श्रावस्ती। इकौना व जमुनहा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही जर्जर मार्ग से निजात दिलाई जाएगी। इसके लिए 36 करोड़ 72 लाख 38 हजार की लागत से 12.7 किलोमीटर की चार सड़क का पुर्ननिर्माण कराया जाएगा। अमर उजाला ने इसे लेकर नवंबर में जर्जर सड़क को लेकर अभियान चलाया था जिसका प्रशासन ने संज्ञान लिया है।
इकौना नगर में संजय तिराहा स इकौना बाईपास तक 1800 मीटर पूरी तरह से जर्जर है। इस पर बने गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में दुश्वारी झेलनी पड़ रही थी। इसके चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर 7,03,44000 रुपये खर्च कर इसका पुनर्निर्माण कराया जाएगा। वहीं 2900 मीटर जर्जर इकौना बाईपास के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर छह करोड़ 53 लाख सात हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
साथ ही श्रावस्ती में पड़ने वाले चार किलोमीटर विशेश्वरगंज गंगा जमुनी मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर नौ करोड़ 66 लाख चार हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं जमुनहा क्षेत्र के मिर्जापुर कटिलिया मार्ग के चैनेज चार किलोमीटर तक चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर 13 करोड़ 49 लाख 83 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके बाद क्षेत्रवासियों को जहां बेहतर मार्ग मिलेगा। वहीं उन्हें आवागमन में भी सहूलियत होगी। इस बारे में अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण केपी मिश्रा ने बताया कि प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही पैसा मिलने की उम्मीद है। पैसा मिलते हुए चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।