लखनऊ। जन्म से तिरछे पंजे वाले बच्चों का पैर पोसेंटी विधि से ठीक किया जा सकता है। इसके लिए समय से इलाज शुरू करने की जरूरत है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार को वर्ल्ड क्लबफुट डे पर हुए जागरूकता कार्यक्रम में आर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख डॉ. विनीत कुमार ने यह जानकारी दी।
अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से हुए कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि संस्थान में अब तक 125 बच्चों का पैर पोसेंटी विधि से किया जा चुका है। इसमें प्लास्टर से ही जूता बना दिया जाता है। बच्चों की हड्डियां मुलायम होती हैं। ऐसे में पांच से छह बार की प्रक्रिया के बाद उनका पैर सामान्य हो जाता है।
डॉ. पंकज अग्रवाल ने कहा, क्लबफुट ऐसा विकार है जिसे समय रहते पहचान लिया जाए तो पूरी तरह से इलाज संभव है। मौके पर क्लबफुट से ग्रस्त बच्चों के माता-पिता ने भी अनुभव साझा किए। फाउंडेशन की क्षेत्रीय निदेशक विशाल सक्सेना और प्रीति ने कहा कि जागरूकता से क्लबफुट का हल निकल सकता है।