सिर्फ 36 गांवों को मिले 45 प्रतिशत अंक, 12 टीमें मानकों की जांच के बाद लगाएंगी मुहर
जिला स्तरीय कमेटी से 30 सितंबर तक मांगी रिपोर्ट, स्टेट की टीम करेगी पास
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाली 124 ग्राम पंचायतें 45 प्रतिशत भी प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकीं। पहली ही जांच में इन पंचायतों को फेल कर दिया गया है। 45 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाली 36 ग्राम पंचायतों में तय मानकों की जांच के लिए 12 टीमें गठित कर दी गई हैं। टीमों को 30 सितंबर तक रिपोर्ट देनी है। मानकों पर खरी उतरने वाली पंचायतों में स्टेट की टीम जांच करके पुरस्कार के लिए मोहर लगाएगी।
जिले में वर्ष 2023-24 में नौ बिंदुओं गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल मैत्री गांव, पर्याप्त जलयुक्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाला गांव, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन व महिला हितैषी गांव पर किए गए कार्यों में अच्छा काम करने वाली 160 पंचायतों ने पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। इसमें 45 प्रतिशत से अधिक आवेदन को पूरा करने वाली 36 पंचायतों को चुना गया है। शेष गांवों को रिजेक्टर कर दिया गया है।
पहले चरण में चयनित ग्राम पंचायतों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। अमावां ब्लॉक में उद्यान अधिकारी, बछरावां में गन्ना अधिकारी, छतोह में पूर्ति अधिकारी, डलमऊ में समाज कल्याण अधिकारी, डीह में सहायक निदेशक मत्स्य, हरचंदपुर में जिला कार्यक्रम अधिकारी, खीरों में एआर सहकारिता, लालगंज में बीएसए, महराजगंज में दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, रोहनियां में सीवीओ, शिवगढ़ में कृषि अधिकारी और ऊंचाहार में पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी की अध्यक्षता में टीम बनाई गई है। सभी अधिकारियों के साथ ब्लॉकों में खंड शिक्षा अधिकारियों को लगाया गया है। 30 सितंबर तक रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
इनसेट
पहली जांच में पास हुईं 30 ग्राम पंचायतें
अमावां ब्लॉक के चौपुरा, डिडौली, आदमपुर, बछरावां के भैरमपुर, छतोह के आलमपुर, डलमऊ के पिलखा, एकसना, डीह के अहल, हरचंदपुर के अंगुरी, लालूपुर खास, रहवां, प्यारेपुर, अड़ोवर, शेरी, खीरों के डुमटहर, लालगंज के उधवामऊ, बहाई, गोविंदपुर बरौली, गौरा रुपईपीर, अलीपुर, जनेवा कटरामऊ, अंबारा पश्चिम, मदुरी, महराजगंज के कैरावां, रोहनियां के सरेनी, शिवगढ़ के गूढ़ा, कोटवा, रायपुर नेरुवा, ऊंचाहार के सहजादपुर, ऊंचाहार देहात, खुर्रमपुर, खोजनपुर, मतरौली, कोटरा बहादुरगंज, सराय सहिजन, सराय हरदो, खरौली में मानकों की जांच करके पुरस्कार के लिए पंचायतों का चयन करेंगी।
मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के लिए इस साल जिले की 160 पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया। 45 प्रतिशत तक आवेदन को पूर्ण करने वाली 36 पंचायतों को चिन्हित करके मानकों की जांच के लिए सीडीओ के स्तर से 13 टीमें गठित की गई है। जिले की कमेटी के बाद स्टेट की टीम पुरस्कार के लिए पंचायतों का चयन करेगी।
-नवीन सिंह, डीपीआरओ