19 जिलों में अवैध खनन के खिलाफ 16,820 छापे
61 करोड़ का जुर्माना वसूला, 992 एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश में बालू, मोरंग और गिट्टी समेत उप खनिजों के अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर नौ महीने में 16,820 छापेमारी की कार्रवाई की गई है। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने कार्रवाई कर 992 एफआईआर और 917 परिवाद दर्ज कराए गए। 13,793 मामलों में जुर्माने की कार्रवाई कर 61 करोड़ 9 लाख रुपये वसूले गए।
भूतत्व एवं खनिकर्म की निदेशक डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में मार्च 2018 तक चलाए गए अभियान में उप खनिजों के अवैध परिवहन के सबसे ज्यादा मामले पकड़े गए हैं जबकि अवैध खनन और अवैध भंडारण के मामले बहुत कम है।
प्रयागराज क्षेत्र में सबसे ज्यादा कार्रवाई
प्रयागराज क्षेत्र के प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, महोबा, हमीरपुर, गोंडा, चित्रकूट और बांदा में दिसंबर तक 8180 छापेमारी की कार्रवाई हुई है। 6128 मामलों में 23.11 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया, 445 एफआईआर और 450 परिवाद दर्ज किए गए। प्रयागराज के बाद झांसी क्षेत्र के झांसी, जालौन और ललितपुर में 1733 छापेमारी की गई, 1582 मामलों में 7.33 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया। 40 एफआईआर और 135 परिवाद दर्ज किए हैं।
गोंडा, हमीरपुर में एक भी कार्रवाई नहीं
अवैध खनन के लिए कुख्यात रहे गोंडा और हमीरपुर जिले की रिपोर्ट चौंकाने वाली है। हमीरपुर में अवैध खनन के खिलाफ एक भी छापामार कार्रवाई नहीं है जबकि गोंडा में केवल 4 छापामार कर 2 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
16 जिलों से रिपोर्ट शून्य
अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर, प्रतापगढ़, गोरखपुर, मऊ, पीलीभीत, बिजनौर, रामपुर, संभल, बुलंदशहर, सहारनपुर, चंदौली, लखनऊ और उन्नाव जिले से अवैध खनन, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन की रिपोर्ट शून्य है।
इन जिलों से है अवैध खनन की शून्य रिपोर्ट
लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन लखनऊ, कन्नौज, फर्रुखाबाद, औरेया, इटावा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, लखीमपुर खीरी में एक भी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।