अपना दल एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल
- फोटो : amar ujala
अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि राजभर बड़े नेता हैं। बड़े नेताओं को कुछ भी बोलने की छूट है। हालांकि आशीष ने यह भी जोड़ा कि राजभर भी अपना दल की राजनीतिक पाठशाला के छात्र रहे हैं और यहीं से निकले हैं। वैसे भी यह मसला उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है, इसलिए इसमें ओमप्रकाश के बयान की कोई अहमियत नहीं हैं।
दरअसल, आशीष ने बीते दिनों भाजपा नेतृत्व पर सहयोगी दलों को अपमानित करने का सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था। इसी कड़ी में आशीष ने बुधवार को घोषणा की थी कि उनकी पार्टी का कोई पदाधिकारी प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों में शिरकत नहीं करेगा। इस पर भाजपा के खिलाफ हमलावर रहने वाले कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपना दल पर तंज कसते हुए कहा था कि क्या अब तक सो रहे थे। अब चुनाव आया है तब अपमान याद आ रहा है।
जब मैंने भाजपा के खिलाफ यह बात उठाई थी तो किसी ने साथ नहीं दिया था। राजभर ने यहां तक कहा था कि 21 महीने की सरकार में तो अपना दल ने खूब मलाई काटी और अब चुनाव सिर पर आया तो गठबंधन धर्म और नैतिकता याद आई है। अद नेता भाजपा के खिलाफ यह दिखावा अपने समाज को भ्रमित करने के लिए कर रहे हैं। राजभर के इस बयान को नजरअंदाज करते हुए आशीष ने कहा कि राजभर के बयान को इतना महत्व देना मेरे लिए उचित नहीं हैं। यह मेरे दल का नजरिया है, इसलिए इस मामले में राजभर के बयान पर गौर करना बेकार है।