गोंडा। जिलाधिकारी जेबी सिंह ने शनिवार को तहसील करनैलगंज अन्तर्गत एल्गिन चरसड़ी बंधे का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तेजी से कार्य कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अमले के साथ बाढ़ प्रभावित नकहरा गांव पहुंचकर निर्माणाधीन रिंग बांध के संबंध में ग्रामीणों से वार्ता की और उनकी समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को निर्देश दिए कि रिंग बांध का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराएं तथा बरसात शुरू होने के पूर्व रिंग बांध का निर्माण कार्य पूरा करा दे, जिससे बाढ़ के दौरान ज्यादा नुकसान न हो। एक्सईएन बाढ़ खंड ने डीएम को बताया कि एल्गिन चरसड़ी बांध जहां पर कटान हुई है, 98 करोड़ की लागत से लगभग 475 किलोमीटर रिंग बांध तथा 7 स्पर व 2 कट एंड बनाए जाएंगे। जिससे नदी की धारा नवनिर्मित रिंग बांध को न काट सके। बताया कि रिंग बांध का निर्माण का लगभग सत्तर प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा जून के अंत तक रिंग बांध स्पर व कट एंड का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। डीएम ने ग्रामीणों से वार्ता कर बाढ़ प्रभावित होने वाले ऐसे सभी ग्रामीण, जिनके आवास कच्चे हैं सभी को पक्के आवास दिलाये जाने के लिए सूची तैयार करने के निर्देश एसडीएम करनैलगंज को दिए हैं। जिलाधिकारी ने रिंग बांध के अंदर आने वाले सभी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ऐसे सभी प्रभावित लोग जिनके मकान कच्चे अथवा फूस के हैं, उन सभी को पक्के मकान दिए जाएंगे। इसके अलावा जिलाधिकारी ने बाढ़ के पूर्व सभी आकस्मिक सुविधाएं राहत चौैकियों को समय से सक्रिय करने, दवाओं की उपलब्धता, मिट्टी का तेल, जानवरों के चारे भूसे की व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक तैयारियां अभी से कर लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके अतिरिक्त बाढ़ क्षेत्र में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी एसडीएम को निर्देश दिए। एक्सईएन बाढ़ ने बताया कि वर्तमान में नदी की धारा पुरानी धारा से लगभग तीन किलामीटर दूर बह रही है। ऐसे में कम नुकसान की संभावना है।