अब रामपुर सकरवारी में बनेगा अक्षयपात्र का हाईटेक किचन
अंबेडकरनगर। उच्च प्राथमिक विद्यालय शुकुलबाजार की बजाए अब उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सकरवारी की जमीन पर अत्याधुनिक भोजनालय बनेगा।
16 करोड़ 69 लाख रुपये लागत से बनने वाले अक्षयपात्र योजना के इस भोजनालय से जिले के 2010 विद्यालयों में पढ़ने वाले दो लाख से अधिक छात्र-छात्राओं तक मिड-डे मील योजना के तहत पैक किया हुआ ताजा भोजन पहुंचेगा।
भोजनालय के निर्माण में किसी प्रकार समस्या न हो, इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू हो गई हैं। जून के अंत तक संबंधित भूमि पर आधुनिक भोजनालय का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।
गौरतलब है कि जिले के 2010 विद्यालयों में 1353 प्राथमिक, 520 उच्च प्राथमिक विद्यालय व 137 सहायता प्राप्त विद्यालय व मदरसों में पढ़ रहे दो लाख चार हजार छात्र-छात्राओं को एमडीएम योजना के तहत दोपहर का भोजन दिया जाता है।
इसके तहत विद्यालय में ही रसोइयों द्वारा भोजन बनाया जाता है। वर्ष 2016-17 में तत्कालीन सपा सरकार ने निर्णय लिया था कि प्रदेश के कुछ जनपदों में अक्षयपात्र योजना का संचालन किया जाएगा।
इसके तहत संबंधित जिलों के विद्यालयों में भोजन बनाने की व्यवस्था खत्म कर किसी एक स्थान पर अत्याधुनिक मशीनों से लैस भोजनालय का निर्माण कराया जाना था।
भोजनालय से प्रोटीनयुक्त पैक भोजन विशेष कंटेनर से विद्यालयों में पहुंचाने का प्रावधान रखा गया। प्रदेश सरकार ने इस योजना के लिए जिन जिलों का चयन किया था, उसमें अंबेडकरनगर भी शामिल है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने उच्च प्राथमिक विद्यालय शुकुलबाजार की भूमि पर अत्याधुनिक भोजनालय निर्माण कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद डीएम व अक्षयपात्र योजना के अधिकारियों के बीच भूमि का एग्रीमेंट भी हो गया।
इस बीच प्रदेश की सत्ता परिवर्तित हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच करोड़ से अधिक धनराशि की परियोजनाओं पर रोक लगाते हुए संबंधित पत्रावलियों को मुख्यमंत्री कार्यालय मंगा लिया। अब योजना के तहत शासन ने नए सिरे से एग्रीमेंट करने का निर्देश दिया।
इसके बाद अब भोजनालय का निर्माण उच्च प्राथमिक विद्यालय शुकुलबाजार की बजाए जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सकरवारी की भूमि पर कराने का निर्णय लिया गया है।
गत दिवस तत्कालीन डीएम व अक्षयपात्र योजना के अधिकारियों के बीच भूमि का पुन: रजिस्टर्ड एग्रीमेंट हो गया।
बीएसए अतुुल कुमार सिंह ने बताया कि, अक्षयपात्र योजना के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सकरवारी की तीन एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक भोजनालय का निर्माण होगा। शासन से धनराशि उपलब्ध होने के साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।
एमडीएम प्रभारी सत्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि, उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सकरवारी की भूमि पर 16 करोड़ 68 लाख रुपये लागत से अत्याधुनिक भोजनालय का निर्माण कराया जाएगा। भोजन बनाने के साथ ही पैकिंग का कार्य भी मशीन से होगा।
अक्षयपात्र योजना के प्रभारी अधिकारी विक्रांत ने बताया कि, शासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शासन से धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।