रायबरेली। योगी सरकार की सख्ती के बाद भी पुलिस विभाग में लूटखसोट बंद नहीं हो रही है। घर में शादी होने पर एक युवक मिट्टी खनन के परमीशन के लिए सूची चौकी पहुंचा तो यह कहते हुए चौकी इंचार्ज ने उसे दिलासा दिया कि परमीशन की जरूरत नहीं है। हमको दो हजार रुपये दे दो। रुपये देेने का पीड़ित ने वीडियो बना लिया। सोमवार को वीडियो वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। प्रकरण संज्ञान में आने पर एसपी ने सीओ सलोन को जांच सौंपी है। रविवार को भाजपा विधायक दल बहादुर कोरी के सूची चौकी इंचार्ज को मिट्टी खनन रोकने पर धमकाने का ऑॅडियो वायरल हुआ था। अब सूची चौकी इंचार्ज का वीडियो वायरल होने से सलोन कोतवाली पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के दरसवां गांव निवासी अरविंद कुमार पासी रविवार को सलोन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सूची चौकी में मिट्टी खनन की परमीशन लेने गया था। चौकी इंचार्ज उमा अग्रवाल ने 15 ट्रॉली मिट्टी खनन करने की बात कही। इस पर चौकी इंचार्ज ने कहा कि परमीशन की जरूरत नहीं, हमको दो हजार रुपये दे दो। मैं सब मैनेज कर लूंगी। इसके बाद चौकी इंचार्ज ने दो हजार रुपये ले लिए। बताते हैं कि अरविंद ने इसका वीडियो बना लिया और सोमवार को वायरल कर दिया। वीडियो में चौकी इंचार्ज कह रही हैं कि तुम भी सेफ रहो, हम भी सेफ रहें। रविवार को भी भाजपा विधायक के चौकी इंचार्ज को मिट्टी खनन पर धमकाने का ऑडियो वायरल हुआ था। इस बार चौकी इंचार्ज का वीडियो वायरल हो गया। ये मामले मामले सलोन पुलिस को कठघरे में खड़े कर रहे हैं।
सूची चौकी इंचार्ज उमा अग्रवाल के दो हजार रुपये लेने का वीडियो वायरल होेने की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच सीओ से कराई जा रही है। जांच में मामला सही पाए जाने पर चौकी इंचार्ज को सस्पेंड किया जाएगा।
- शिवहरि मीणा, एसपी
उस आदमी को दो हजार रुपये चौकी के मेस के लिए सरसों का तेल मांगने के लिए दिए थे। सरसों का तेल 1500 रुपये का था। शेष 500 रुपये बचे थे। वही बचे रुपये उस व्यक्ति से लिए थे।
- उमा अग्रवाल, चौकी इंचार्ज, सूची