दरियाबाद (बाराबंकी)। छात्रा हत्याकांड के मामले का 28 दिन बाद दरियाबाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। जिसमें से एक को छात्रा का सिरफिरा आशिक तो दूसरे को उसका दोस्त बताया जा रहा है।
एसपी वीपी श्रीवास्तव ने बताया कि दरियाबाद थाना क्षेत्र के एक कॉलेज में परीक्षा देने गई छात्रा का शव नौ मार्च को बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र में शारदा नहर के पास मिला था। परिवारीजनों ने शिनाख्त के बाद थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एएसपी के निर्देश पर सीओ रामसनेहीघाट के नेतृत्व में दरियाबाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। 28 दिन बाद पुलिस ने राजू सिंह निवासी दत्तापुरवा व अनिल यादव निवासी मालिनपुर थाना दरियाबाद को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी राजू ने बताया कि उसका तीन साल से छात्रा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दूसरे आरोपी अनिल ने बताया कि उसकी छात्रा के परिवार के साथ रंजिश थी और वह उससे एक तरफा प्यार करता था। लेकिन लड़की उसे पसंद नहीं करती थी। राजू मालिनपुर दूध बेचने जाता था, जिससे उसकी दोस्ती अनिल से हो गई। दोनों ने मिलकर उसे बाहर ले जाने की योजना बनाई। राजू ने छात्रा को फिरोजपुर चौराहे पर झूठ बोलकर बुलाया था। दोनों ने उसे पिकअप में बैैठा लिया और उसे नया सूट पहनाकर मसौली क्षेत्र के किशुनदासपुर गांव के पास रात होने पर बाग में ले जाकर उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगे। छात्रा के मना करने पर उस पर चाकू व पेंचकस से हमला कर घायल कर दिया। उसके शोर मचाने पर दोनों ने उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों उसका शव पिक अप में रखकर शारदा नहर में फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या के प्रयुक्त की गई पिकअप को भी बरामद कर लिया है।