नेरी (सीतापुर)। महोली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया, जिससे सात बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसानों ने पॉवर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जिम्मेदार अधिकारियों ने किसानों को मुआवजा देने की बात कही है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के कारीपाकर गांव निवासी धीरेंद्र व ब्रजेंद्र के खेत गांव से कुछ दूरी पर स्थित हैं। इन दिनों उनके खेत में गन्ने की फसल खड़ी थी। शुक्रवार को खेत को ऊपर से होकर गुजरी हाईटेशन लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिससे खेत में आग लग गई। देखते ही देखते गन्ना जलने लगा। ग्रामीणों ने दो घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक धीरेंद्र व ब्रजेंद्र के खेतों में खड़ी सात बीघा गन्ने की फसल जल गई। पीड़ित किसानों ने पॉवर कार्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि इस क्षेत्र की बिजली की लाइन के तार बेहद जर्जर हैं। कई बार शिकायत की गई, आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों ने तार बदलवाना मुनासिब नहीं समझा। इस संबंध में उपखंड अधिकारी शैलेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित किसानों की फसल का आकलन कर उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। तार बदलने का काम चल रहा है। जल्द ही क्षेत्र के सभी जर्जर तार बदल दिए जाएंगे।