सीतापुर। पद्मावत फिल्म की रिलीज को लेकर विरोध के मामले में सीतापुर जिला भी पीछे नहीं रहा। गुरुवार को खैराबाद थाना क्षेत्र में मौजूद सीतापुर सिटी मॉल सिनेमा हॉल के मालिक पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ हॉल मालिक की पिटाई कर दी बल्कि उनकी कार को भी तोड़ा।
इस घटना के बाद हॉल के मालिक ने अब पद्मावत फिल्म न चलाने की बात कही है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस अधिकारी अब भी सुरक्षा देने की बात कह रहे हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विजय लक्ष्मी नगर निवासी संजय अग्रवाल ने खैराबाद में लखनऊ लखीमपुर बाईपास के किनारे सीतापुर सिटी मॉल सिनेमा हॉल खोल रखा है।
पद्मावत फिल्म रिलीज के दौरान ही इस हॉल में लगने की सूचना मिलने पर हाल की सुरक्षा के लिए सीओ सिटी योगेंद्र सिंह के नेतृत्व शहर कोतवाली, रामकोट व खैराबाद पुलिस, पीएसी, क्यूआरटी, दमकल दस्ता तैनात किया गया था। उम्मीद थी, कि इतनी संख्या में पुलिस बल मौजूद होने पर कोई भी उपद्रव करने की हिम्मत नहीं जुटा सकेगा।
इसी बीच करीब 40 से 50 युवा बाईपास से हॉल जाने वाले मार्ग पर खड़े हो गए। ये युवा लोगों को गुलाब का फूल देकर फिल्म न देखने की अपील करने लगे। यह नजारा देख जो भी फिल्म देखने आया, वह युवाओं की बातों को सुन वापस चला गया। इधर दोपहर के वक्त हॉल मालिक संजय अग्रवाल अपनी बीएमडब्ल्यू कार से शहर के लिए चल दिए।
रास्ते में मोहल्ला आजाद नगर सेठिया मिल के निकट रेलवे क्रॉसिंग पर करीब 15 से 20 नकाबपोश युवकों ने कार को रोक लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, युवकों ने एक भारी भरकम रेलवे लाइन का गाटर उठाकर कार के अगले शीशे पर फेंक दिया। जिसके बाद कार में तोड़फोड़ करने लगे।
हॉल मालिक ने कार से बाहर निकल कर विरोध किया, तो नकाबपोश युवकों ने पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच यूपी-100 की कई गाड़ियां हूटर बजाते हुए मौके पर पहुंच गईं। पुलिस के वाहनों को देखते ही मारपीट कर रहे उपद्रवी मां पद्मावती की जय के नारे लगाते हुए मौके से निकल भागे।
तब तक कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हॉल मालिक व वाहन को लेकर हॉल पहुंचे। हॉल मालिक ने इस संबंध में 15 से 20 अज्ञात नकाबपोश हमलावरों के खिलाफ खैराबाद थाने में तहरीर दी है।
वहीं पद्मावत फिल्म न चलाने की बात भी कही है। घटना के संबंध में सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि हॉल मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिल्म के दो शो में केवल 20 दर्शक ही पहुंचे
पद्मावत फिल्म आगे अब नहीं चलाएंगे। गुरुवार को महज दो शो ही चले हैं। जिसमें 20 दर्शक ही पहुंचे थे। विरोध जबरदस्त है। मेरे ऊपर हमला हुआ है। अब शुक्रवार से कोई दूसरी फिल्म चलाई जाएगी।
-संजय अग्रवाल, हॉल मालिक
गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी
सिनेमाहाल स्वामी पर हमले को लेकर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ दबिशें दे रही हैं। पुलिस ने शहरी क्षेत्र के कई मोहल्लों में छापेमारी करके करीब 10 लोगों को उठाया है। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी कोई गिरफ्तारी न होने की बात कह रहे हैं।
क्षत्रिय समाज ने किया विरोध
पद्मावत फिल्म को लेकर क्षत्रिय समाज के लोगों ने बैठक की। जिसमें पद्मावत फिल्म के प्रदर्शन को लेकर विरोध जताया गया। जिलाध्यक्ष अवनेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि हम मांग करते हैं कि आगे से ऐसी फिल्मों का निर्माण न किया जाये, जिनमें क्षत्रियों के आन, बान व शान के खिलाफ कोई बात कहीं गई हो।
हम एक शांतिप्रिय समाज हैं, लेकिन इतिहास गवाह है कि अगर हमारे स्वाभिमान पर चोट हुई, तो हम उसको स्वीकार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हम शांतिप्रिय तरीके से फिल्म का विरोध जारी रखेंगे व फिल्म को देखने जाने वालों से निवेदन करेंगे कि इन फिल्म को न देखें।
क्षत्रिय समाज सीतापुर एक पत्र मुख्यमंत्री को भी लिखेगा कि समाज के लोगों की भावना का सम्मान करते हुये ऐसी फिल्में प्रदेश में जारी न की जाये। बैठक में बीबी सिंह, जनक पाल सिंह, शैलेन्द्र सिंह चौहान, दीपेंद्र भदौरिया, अमन विक्रम सिंह मौजूद थे।
हमले की खबर पर खिसक गए फूल देने वाले युवा
सीतापुर सिटी मॉल हॉल के पास जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। वहीं कुछ दूरी पर विभिन्न संगठनों के युवा खड़े हुए थे। जिनके हाथों में गुलाब के फूल थे, जो हॉल की तरफ जाने वाले हर शख्स से निवेदन कर रहे थे, कि वे फिल्म को न देखें। हाल यह था कि युवाओं को निवेदन करते देख लोग फिल्म देखने के बजाय उल्टे घर लौट रहे थे।
जो भी दर्शक युवाओं के निवेदन पर फिल्म न देखने को राजी होता, युवाओं की टोली उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर रही थी। इसी बीच खबर आई कि सिनेमा हॉल के मालिक पर हमला हो गया। जिसके बाद गुलाब का फूल देने वाले युवा भी मौके से खिसक लिए।