लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा से चोरी का एक आरोपी फरार हो गया है। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसको पुलिस छिपाने के प्रयास में जुटी थी। अब राज खुल जाने पर जिम्मेदार सिपाहियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
कस्बा के काजी टोला निवासी सारिक की बाइक 17 अक्टूबर को दो चोर उठाकर ले जा रहे थे। इसी बीच मोहल्ले के लोगों ने दोनों को दबोच लिया। मामला चोरी का था, इस वजह से भीड़ ने पहले दोनों की धुनाई की, उसके बाद पुलिस के हवाले किया। पकड़े गए लोगों की पहचान लखीमपुर खीरी के खीरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रंगीला नगर निवासी ताहिर व नकहा निवासी समीर के रूप में हुई थी। दोनों जख्मी थे, इस वजह से पुलिस ने घटनाक्रम तो दर्ज कर लिया, लेकिन युवकों की गिरफ्तारी दर्ज नहीं की। जख्मी दोनों आरोपियों को लहरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया था। 20 अक्टूबर को ताहिर पुलिस को चकमा देकर वहां से निकल भागा। आरोपी तो भाग गया, लेकिन पुलिस इस मामले को दबाने में जुट गई। सोमवार को जब आरोपी के भागने का राज खुला, तब जिम्मेदार कार्रवाई की बात कह रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि ऐसा प्रकरण सामने आया है। मैं अभी नया इस कोतवाली में आया हूं, पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पर निगराने के लिए कौन सिपाही तैनात था। जांच की जा रही है, वहीं रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया था, बल्कि उनके ठीक होने तक निगरानी की जा रही थी।