लखनऊ। आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर और कॉलेज के ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज में मंगलवार को सीनियर कैडर कोर्स के समापन पर परेड आयोजित की गई। इसमें 120 अफसरों ने हिस्सा लिया। इन्हें ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज में प्रशिक्षित किया गया था, जो आने वाले समय में उच्च पद ग्रहण करेंगे।
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि परेड का निरीक्षण कमांडेंट मेजर जनरल विनोद कुमार पात्रा ने किया। मिलिट्री हॉस्पिटल जबलपुर के हवलदार (नर्सिंग असिस्टेंट) लीला राम साहू को कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए नाइक दीपक सिंह वीर चक्र रोलिंग ट्रॉफी और लेफ्टिनेंट जनरल पीवी रामचंद्रन पुरस्कार से नवाजा गया। परेड को कोर्स नॉन कमीशंड अफसरों के रिश्तेदारों तथा मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स, बेसिक नर्सिंग ऑफिसर्स कोर्स और एएमसी (गैर-तकनीकी) पोस्ट कमीशनिंग कोर्स के अधिकारियों ने भी देखा।