लखनऊ। चारबाग जीआरपी, सीआईबी व एनसीबी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करों के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 120 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी मथुरा-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन से गांजे की खेप ले जा रहे थे।
चारबाग जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे व पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ एवं प्रयागराज के आदेश पर ट्रेनों व स्टेशनों पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। दो जनवरी को जीआरपी चारबाग, रेलवे क्राइम ब्रांच (सीआईबी), आरपीएफ गोमतीनगर और एनसीबी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची गाड़ी संख्या 15109 मथुरा-छपरा एक्सप्रेस की जांच की। इस दौरान ट्रेन की सेकेंड एसी बोगी ए-1 की सीट संख्या 37, 38, 39 और 40 पर बैठे चार यात्रियों से गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार के सिवान से गांजा लेकर मथुरा होते हुए चंडीगढ़ जा रहे थे। उनके पास मौजूद पांच ट्रॉली बैगों की तलाशी लेने पर छोटे-छोटे पैकेटों में कुल 120 किलो गांजा मिला। आरोपियों बताया कि वे यह माल चंडीगढ़ में डीलर को सौंपने वाले थे। पुलिस उनकी शिनाख्त के आधार पर आगे की जांच कर रही है। इस तस्करी सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने के लिए एक टीम पंजाब भी भेजी जाएगी।