लखनऊ। वाॅक इन इंटरव्यू के जरिये चुने गए डॉक्टरों को मंगलवार को सरकारी संस्थानों-अस्पतालों में तैनाती दे दी गई। सबसे अधिक डॉक्टर केजीएमयू में भेजे गए हैं। सीएमओ का कहना है कि सभी डॉक्टरों को अपनी-अपनी जगह पर सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकारी अस्पताल, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व पीएचसी मिलाकर संविदा के कई डॉक्टरों के पद खाली थे। अप्रैल में सीएमओ ऑफिस में वॉक इन इंटरव्यू हुआ था। इसमें 200 से अधिक डॉक्टर शामिल हुए थे। एक माह बाद रिजल्ट जारी हुआ था। इसमें 62 डॉक्टरों का चयन हुआ। मंगलवार को सभी डॉक्टरों को उनके कार्यक्षेत्र का आवंटन कर दिया गया है। इनमें आठ डॉक्टर केजीएमयू भेजे गए हैं। लोहिया में तीन व पीजीआई ब्लड बैंक में एक डॉक्टर को भेजा गया है।
इसी तरह लोकबंधु में चार, रानी लक्ष्मीबाई व सिविल अस्पताल में तीन-तीन डॉक्टर तैनात किए गए हैं। बीआरडी महानगर में एक व रामसागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में तीन डॉक्टर भेजे गए हैं। बचे हुए डॉक्टरों की तैनाती सीएचसी व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में की गई है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि सभी डॉक्टरों को ड्यूटी पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।