लखनऊ। बिजली चोरी के खिलाफ मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इंदिरानगर और अमौसी क्षेत्र में 12 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए।
निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, गोमतीनगर क्षेत्र की टीम ने इंदिरानगर उपकेंद्र के तहत 26 परिसरों की जांच की। यहां तीन उपभोक्ता बिजली चोरी करते मिले। अमौसी क्षेत्र में विभागीय और विजिलेंस टीम ने 51 कनेक्शनों की जांच की। यहां गोपरामऊ और बिरवा मंडी क्षेत्र के नौ उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते मिले। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उधर, छठ पूजा को देखते हुए लक्ष्मण मेला मैदान में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए डबल सोर्स व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। वहीं, विश्वास खंड उपकेंद्र में डीटी का रखरखाव और नादान महल उपकेंद्र में बैटरियों की जांच की गई।