यूपी में बृहस्पतिवार को 119 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं जबकि स्वस्थ होने के बाद 114 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। इसके साथ ही संक्रमण से 1 मरीज की मौत हुई है। इस तरह अब तक कुल 8729 मरीजों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 0.1 प्रतिशत हो गया है। 15 फरवरी को पॉजिटिविटी रेट 0.05 प्रतिशत था। प्रदेश में अधिकतम पॉजिटिविटी रेट 4.1 प्रतिशत सितंबर 2020 में था, जब कोरोना संक्रमण अपने चरम पर था।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक 603907 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 593149 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। मरीजों की ठीक होने की दर 98.2 प्रतिशत बनी हुई है। प्रदेश में अब 2029 एक्टिव मरीज बचे हैं।
यूपी में एक बार फिर मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इसी के साथ संक्रमण भी लगभग 36 जिलों जिलों तक पहुंच चुका है। बृहस्पतिवार को लखनऊ में सबसे अधिक 17 मरीज मिले हैं। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर में 13, वाराणसी में 11, कानपुर नगर, रायबरेली में 9-9, लखीमपुर खीरी में 7, अमरोहा में 5 और गाजियाबाद में 4 मरीज मिले हैं।
प्रदेश में बृहस्पतिवार को 60 साल से ऊपर और 45 वर्ष से 59 वर्ष के बीमारियों से ग्रसित 118567 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। इसमें दूसरी डोज लेने वाले स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। इन स्वास्थ्यकर्मियों का 4 फरवरी को टीकाकरण हुआ था।