बिस्किट खरीदने गई किशोरी से दुकानदार ने किया रेप
अंबेडकरनगर। टांडा में बिस्किट खरीदने दुकान गई किशोरी के साथ दुकानदार द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है।
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी पर पाक्सो एक्ट की भी कार्रवाई की गई है।
टांडा के एक मोहल्ले में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी बुधवार दोपहर घर के पास स्थित दुकान से बिस्किट खरीदने गई थी। किशोरी काफी देर तक नहीं लौटी तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
काफी देर बाद वह अस्त-व्यस्त अवस्था में घर पहुंची। उसने बताया कि, दुकानदार उसे घर के अंदर खींच ले गया और वहां एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस पर पीड़ित किशोरी को लेकर उसकी मां आरोपी दुकानदार के घर पहुंची तो वह वहां से भाग चुका था। इस पर पीड़िता की मां ने कोतवाली जाकर तहरीर दी।
कोतवाली प्रभारी रामलखन पटेल ने बताया कि, तहरीर के आधार पर मोहल्ला निवासी प्रीतम के विरुद्ध दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उस पर पाक्सो एक्ट की भी कार्रवाई की गई है। मामले में छानबीन की जा रही है।