बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक में तालाबंदी, दो करोड़ का कारोबार ठप
रायबरेली। यूनाइटेड फोरम ऑफ रीजनल रूरल बैंक यूनियन के आह्वान पर सोमवार को बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की जिलेभर की शाखाओं में पूरी तरह तालाबंदी रही।
पूरे जिले में करीब 4700 अधिकारियों व कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार ठप रहा। लेनदेन के लिए बैंक पहुंचे ग्राहकों को मायूस लौटना पड़ा।
बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने 13 सूत्री मांगों को लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
कहा कि, उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्हें उनका हक चाहिए।
शहर से लेकर देहात क्षेत्र की बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की 924 शाखाओं के सोमवार को ताले नहीं खुले। बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सोमवार को तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी।
बैंकों के शटर बंद होने से लेनदेन करने पहुंचे ग्राहक निराश हुए। कुछ ग्राहक तो इस उम्मीद से बैंक के बाहर बैठे रहे कि शायद कुछ देर में कामकाज शुरू होे जाए।
मगर घंटों इंतजार के बाद उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। शहर के बेलीगंज स्थित बैंक की मुख्य शाखा में अधिकारियों और कर्मचारियों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
इसके साथ मोटल तिराहा स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों ने मांगों को लेकर आवाज उठाते हुए प्रदर्शन किया।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सगुन शुक्ल, प्रांतीय अध्यक्ष एसके सिंह, संरक्षक एसएन सिंह, प्रवीण पांडेय, लालचंद्र त्रिपाठी, विनोद शुक्ल, नवीन मेहरोत्रा, मो. शरीफ ने कहा कि मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सगुन शुक्ल ने बताया कि, जिलेभर में 924 बैंक शाखाओं में तालाबंदी से दो करोड़ रुपये का कारोबार ठप रहा। मंगलवार व बुधवार को भी हड़ताल रहेगी।
प्रदर्शन में रायबरेली के अलावा प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, कानपुर, फतेहपुर के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।
शहर के अलावा जगतपुर, ऊंचाहार, डलमऊ समेत अन्य क्षेत्रों की बैंक शाखाओं में भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने हड़ताल कर सरकार को कोसा।
जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक बृजमोहन कुमार ने बताया कि, यूनाइटेड फोरम ऑफ रीजनल रूरल बैंक यूनियन के आह्वान पर बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखाओं में सोमवार को पूरी तरह से हड़ताल रही।
शहर से लेकर देहात क्षेत्र की शाखाओं में तालाबंदी से ग्राहकों को परेशानी हुई और करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार ठप रहा।