बाराबंकी। यूपी दिवस पर बुधवार को आयोजित हो रहे कार्यक्रम में जिलेवासियों को 51 परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। शासन से मिले निर्देश के बाद कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मंगलवार को डीएम अखिलेश तिवारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। वहीं, एडीएम ने मातहतों के साथ कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान समेत सांसद व विधायक भी शामिल होंगे।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर बुधवार को शहर के ऑडिटोरियम में यूपी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, सांसद प्रियंका सिंह रावत समेत सभी विधायक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में लगभग 31.50 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण व करीब 20 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं का शिलान्यास प्रभारी मंत्री, सांसद व विधायकों द्वारा किया जाएगा।
इनमें कृषि व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की दो-दो, पीडब्ल्यूडी की 11, नगर पालिका परिषद की एक व नलकूप विभाग की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। वहीं, पुलिस, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग की एक-एक, पीडब्ल्यूडी की सात, जल निगम की 12 व नगर पालिका परिषद की आठ परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। एडीएम अनिल कुमार सिंह व डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
वहीं, कार्यक्रम के आयोजन को लेकर डीएम अखिलेश तिवारी ने मंगलवार को डीआरडीए सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में सीडीओ, एडीएम, डीडीओ समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।