सीतापुर। सदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक खेत में तेंदुआ फिर नजर आया। उसे देख करीब के रास्ते से गुजर रहे बाइक सवारों के होश उड़ गए। बाइक सवार गांव पहुंचे, जहां से उन्होंने सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग में जुट गई।
बता दें की रविवार को भी इसी गांव के करीब नहर पटरी पर तेंदुआ दिखा गया था। बार-बार तेंदुआ के सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि वन विभाग सतर्कता बरते जाने की बात कह रहा है। सदरपुर थाना क्षेत्र के भिनैनी निवासी पूरनलाल बिसवां तहसील में एक वकील का मुंशी है।
सोमवार शाम पूरनलाल तहसील का काम निपटा कर गांव के ही मोहन मुरारी के साथ बाइक से घर के लिए चल दिया। जब उनकी बाइक भिनैनी के करीब पहुंची। तभी गांव के बाहर मौजूद एक खेत में उन्होंने तेंदुआ खड़ा देखा। तेंदुए को देखते ही बाइक सवार दोनों लोगों के होश उड़ गए। दोनों भाग कर गांव पहुंचे।
खेत में तेंदुआ मौजूद होने की खबर दोनों ने ग्रामीणों को दी, वही वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग में जुट गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की लोकेशन तलाशी जा रही है।
रेंजर यूसी राय का यह भी कहना है कि जो पग चिन्ह मिले हैं, उनसे यह पुष्टि नहीं हो रही है कि क्षेत्र में मौजूद जानवर तेंदुआ ही है। डीएफओ डॉ अनिरुद्ध पांडे ने बताया कि वन विभाग की टीमें मौके पर हैं। जो भी जानवर है, उसकी तलाश की जा रही है।