बहराइच। तराई में मौसम परिवर्तन के बीच खसरे का प्रकोप शुरू हो गया है। रसूलपुर गोबरहा गांव खसरे की चपेट में आ गया है। तीन दिन से खसरे का प्रकोप है।
इसकी रिपोर्ट एएनएम ने स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को दी। अधीक्षक ने स्वास्थ्य टीम गांव भेजकर बच्चों की जांच की। आठ बच्चे खसरे से पीड़ित मिले। गांव के अन्य 72 बच्चे संक्रामक रोग से ग्रसित मिले। सभी को दवा वितरित की गई।
हुजूरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरबहा के मजरा रसूलपुर में तीन दिन से खसरे का प्रकोप है। इसकी जानकारी गांव के लोगों ने एएनएम ललिता श्रीवास्तव को दी।
रिपोर्ट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिंरैयाटांड़ के अधीक्षक को भेजी गई। अधीक्षक डॉ. थानेदार सिंह ने टीम गांव भेजकर कैंप करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर शिविर लगाया।
शिविर में गांव के सभी बच्चों का परीक्षण हुआ। 72 बच्चे संक्रामक रोग से ग्रसित मिले। आठ बच्चे खसरे से पीड़ित मिले। इनमें कासिम (6), पूजा (8), महक (7), शिवानी (9), कोमल (8), सबा (12), फिरोज (10) और शिवा (8) शामिल हैं। सभी को दवा, ओरआरएस घोल, सीरप आदि दवाएं दी गईं।