बहराइच। आयुक्त देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव ने जनपद दौरे के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडलायुक्त ने पुराने राजस्व वादों को तेजी से निस्तारित करने के निर्देश दिए। नवगठित तहसील पयागपुर के भवन निर्माण कार्य को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त एसवीएस रंगाराव ने कलेक्ट्रेट के संयुक्त कार्यालय, नजारत, राजस्व अभिलेखागार, गोपन अनुभाग, संग्रह अनुभाग, न्यायिक अभिलेखागार, ई-गवर्नेंस आफिस, सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), महिला सशक्तिकरण केंद्र 181, भूलेख अनुभाग सहित अन्य अनुभागों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था, अभिलेखों का रखरखाव आदि का जायजा लिया। पटल सहायकों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। संयुक्त कार्यालय के निरीक्षण के दौरान पेयजल परियोजनाओं व अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य के बारे में जानकारी ली। नजारत अनुभाग के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका एवं जीपीएफ पासबुक का अवलोकन किया तथा निष्प्रयोज्य सामानों की नीलामी आदि की कार्रवाई की जानकारी ली। संग्रह अनुभाग के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने तहसीलवार आरसी, राजस्व वसूली आदि के प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। ई-गवर्नेंस के निरीक्षण के दौरान रंगाराव ने आईजीआरएस के संदर्भों के निस्तारण की स्थिति, ई-गवर्नेंस से प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सुमित तिवारी से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी चैंबर में राजस्व कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रवर्तन कार्य पर विशेष ध्यान दें तथा प्राथमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन, धान क्रय केंद्रों आदि का औचक निरीक्षण कर प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। साथ ही निर्माणाधीन पयागपुर तहसील भवन के कार्य की प्रगति व गुणवत्ता के संबंध में उप जिलाधिकारी पयागपुर से जानकारी प्राप्त की। राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त रंगाराव ने निर्देश दिया कि पुराने राजस्व वादों का अभियान चलाकर निस्तारण किया जाए। इस मौके पर जिलाधिकारी अजय दीप सिंह, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार राय, नगर मजिस्ट्रेट प्रमिल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर एसपी शुक्ल, नानपारा गौरांग राठी आईएएस, कैसरगंज पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।