मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले किसी परिवार में बीमारी संकट बन जाती थी, लेकिन आज देश के 50 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 10 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को बिना किसी भेदभाव के 5 लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड वितरित करने का आह्वान किया, ताकि लाभार्थी सरकार के प्रति कृतज्ञता महसूस करें।
प्रदेश में बढ़ी एम्स और मेडिकल कॉलेज की संख्या- योगी
योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि 2014 से पहले देश में केवल एक एम्स था। अटल बिहारी वाजपेयी ने छह एम्स स्थापित किए, और मोदी सरकार ने 22 नए एम्स बनाए, जिनमें उत्तर प्रदेश में दो एम्स शामिल हैं। ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की परिकल्पना ने सुदूर क्षेत्रों जैसे महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, और मिर्जापुर में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए, जो रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को गर्व के साथ प्रचारित करने को कहा, ताकि विरोधियों के दुष्प्रचार का जवाब दिया जा सके।
सीएम योगी ने हर घर नल योजना, उज्ज्वला योजना, और प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 60 लाख गरीबों को मकान, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड, और पेंशन जैसी सुविधाएं मिली हैं। विशेष रूप से कोल, मुसहर, और थारू जैसी वंचित जातियों को 100 प्रतिशत योजनाओं का लाभ दिया गया। सीएम योगी ने एक कोल समुदाय के व्यक्ति से मुलाकात का जिक्र किया, जो सरकार की योजनाओं से प्रभावित होकर केवल धन्यवाद देने आया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित कर उनके अनुभव साझा करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जन्म का श्रेय भी मोदी सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार और महाकुंभ जैसे आयोजन उत्तर प्रदेश की छवि को बदल रहे हैं। मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अयोध्या को गौरव प्रदान किया। सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मरण, और विश्व योग दिवस जैसे कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और नदी पुनर्जन्म कार्यक्रम में भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मोर्चा और प्रकोष्ठों को सक्रिय करें, चिकित्सकों और अधिवक्ताओं के सम्मेलन आयोजित करें और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित करें। यह अभियान न केवल बीजेपी का प्रचार करेगा, बल्कि समाज के हर वर्ग को सरकार की योजनाओं से जोड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष सेवा, सुरक्षा, और सुशासन की यात्रा हैं। उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह कार्यशाला कार्यकर्ताओं के लिए एक अवसर है, जिससे वे जनता के बीच जाकर विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान दें।
बीजेपी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
मोदी सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी पदाधिकारियों ने प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं में जमकर जोश भरा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनहित की योजनाओं से ही आज देश को गरीबी से बाहर निकलने में मील का पत्थर साबित हो रही है, देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर प्रगति की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। आंतरिक सुरक्षा से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक में भारत ने दुनिया के लिए उदाहरण बना है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर समाज के हर वर्ग के साथ जुड़ने की जरूरत है। पहलगाम की घटना के बाद भारत ने कैसे पाकिस्तान पेषित आतंकवाद को सबक सिखाया उससे हर व्यक्ति को जानने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में तरह तरह के कार्यक्रम का खाका तैयार किया जा चुका है।