लखनऊ। शकुंतला उपकेंद्र के अंतर्गत पिंक सिटी फेज-2 स्थित ज्ञानेंद्र विहार कॉलोनी में रविवार सुबह करीब सात बजे एक ट्रक की टक्कर से बिजली की एलटी लाइन के 11 खंभे गिर गए। हादसे में 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर का ढांचा भी उखड़कर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर सीमेंट के प्लेटफॉर्म पर टिका रहा, जिससे कोई बड़ा धमाका या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
हादसे के बाद क्षेत्र के लगभग 120 घरों की बिजली गुल हो गई। करीब 12 घंटे तक बिजली न होने से लोग पानी और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए परेशान रहे। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोटर न चल पाने से दिनभर पानी का संकट बना रहा। बिजली विभाग की टीम ने मरम्मत शुरू की, जिसके बाद शाम करीब सात बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
अवर अभियंता अरशद अहमद ने बताया पोल टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे मरम्मत के बाद बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक की पहचान कर पुलिस से लिखित शिकायत की गई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार, ट्रक चालक मुरादाबाद के भक्तवनगंज भोजपुर निवासी इमरान और वाहन संचालक मुरादाबाद के सिरसवां गौड़ भोजपुर निवासी वाहिद अली बताए गए हैं। वाहन नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। विद्युत विभाग को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
टूटा खंभा।
टूटा खंभा।