गठबंधन के लोग पाकिस्तान के समर्थक
सुल्तानपुर। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को अपनी मां मेनका गांधी के लिए इसौली विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भारत मां के लिए वोट मांगा।
कहा कि मुलायम सिंह यादव व मायावती के खिलाफ चोरी के मुकदमे चल रहे हैं। क्या आप लोग ऐसे चोरों एवं डकैतों के हाथों में देेश को देना चाहते हैं। जवाब न में आने पर उन्होंने कहा कि गठबंधन के लोग पाकिस्तान के समर्थक हैं। भ्रष्टाचार से अपनी जेबें भरने आए हैं।
वलीपुर, खुटवन का पुरवा, तिवारी का पुरवा में शनिवार को नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पढ़े-लिखे थे लेकिन कमजोर थे।
उनके समय में पाकिस्तान भारत के सैनिकों को मारता था तो वे कहते थे कि बातचीत चल रही है। उन्होंने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जूूते के नीचे पाकिस्तान को मसलने का काम किया है। कहा कि मैं सिर्फ अपनी मां के लिए नहीं भारत मां के लिए वोट मांगने आया हूं। इस मौके पर कई लोग मौजूद रहे।