बाराबंकी। शिकायत के बाद भी जमीन से अवैध निर्माण न हटाए जाने से क्षुब्ध पीड़ित परिवार मंगलवार को जिलाधिकारी के पास इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगने पहुंच गया। जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आदेश दिया है।
विकास खंड बंकी क्षेत्र के ग्राम चिलहटा निवासी राम सागर ने गांव के ही लालजी के खिलाफ खेत पर कब्जा कर पक्का निर्माण कराने की शिकायत एसडीएम सदर व तहसीलदार से की थी। पीड़ित का आरोप है कि कोर्ट में मामला लंबित होने के बाद भी तहसील प्रशासन व जहांगीराबाद पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई किए जाने के बजाय दबंगों का साथ दे रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत बीते दिनों सीएम पोर्टल पर भी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। दबंगों ने तहसील प्रशासन के साथ मिलकर जबरन पक्का निर्माण करा दिया। जिससे क्षुब्ध होकर परिवार के बब्लू, राजू, राम महेश, रामसागर, रामप्रकाश, सुषमा, आरती आदि तहसील दिवस में नवागत जिलाधिकारी उदयभान त्रिपाठी से मिलकर न्याय दिलाने व इच्छा मृत्यु की अनुमति दिए जाने की मांग करने को लेकर प्रदर्शन करने लगे। जिलाधिकारी ने जहांगीराबाद थानाध्यक्ष व तहसील प्रशासन को मामले की सही जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के निर्देश दिए हैं।