सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक कार ने बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे सवारों को ठोकर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि सास व बाइक चालक घायल हो गए। जान गंवाने वाली महिला गर्भवती थी। बताते हैं कि चेकअप कराने के लिए वह महिला अस्पताल आ रही थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मैनी उमरी शादीपुर निवासी अनीश कुमार लोधी की पत्नी लक्ष्मी देवी (25) गर्भवती थी। बुधवार को लक्ष्मी अपनी सास महेश्वरी देवी (45) और गांव के ही प्रदीप के साथ बाइक से महिला अस्पताल अपना चेकअप करवाने आ रही थी।
रास्ते में सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर नानकारी के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नागरिकों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां लक्ष्मी के गर्भवती होने पर डॉक्टरों ने उसको महिला जिला अस्पताल भेज दिया।
दोपहर बाद अचानक लक्ष्मी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इस पर डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन लक्ष्मी को लेकर लखनऊ जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।