बाराबंकी। लखनऊ में आयोजित यूपी दिवस समारोह में जिले के सवा तीन सौ प्रगतिशील किसान शिरकत करेंगे। एग्री जंक्शन के 12, सोलर पंप व वर्मी के पांच-पांच तथा फार्म मशीनरी बैंक के दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री अपने हाथों से स्वीकृति पत्र देंगे। इसको लेकर विभाग ने किसानों के चयन की सूची तैयार की है। वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाने को लेकर किसान काफी गदगद हैं।
लखनऊ में 25 जनवरी को यूपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने को लेकर जिले के 15 ब्लॉकों में प्रत्येक से 20-20 प्रगतिशील किसानों का चयन किया गया है। विभाग ने लाभार्थियों व किसानों को इसकी सूचना भेज दी है। सोमवार को इन सभी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिचय पत्र भी उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
उप कृषि निदेशक अनिल कुमार सागर ने बताया कि, यूपी दिवस में जिले के सवा तीन सौ किसान हिस्सा लेंगे। इनमें तीन सौ किसानों के बस से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने की व्यवस्था की गई है। वहीं, एग्री जंक्शन के 12, सोलर पम्प व वर्मी कम्पोस्ट के पांच-पांच व फार्म मशीनरी बैंक के दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री स्वीकृति पत्र देंगे। इन लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की सूचना दे दी गई है।