गोंडा। धान खरीद में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व राइस मिलर्स के खिलाफ कठोर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी ने लापरवाह छह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखने के अलावा सात राइस मिलर्स के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
डिप्टी आरएमओ अजय विक्रम सिंह ने बताया कि डीएम द्वारा बुधवार को जिले के धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कराया गया, जिसमें कई केंद्र बंद पाए गए। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कठोर कार्रवाई के लिए शासन को संदर्भित कर दिया है। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि पीसीएफ संस्था के माध्यम से संचालित किये जाने के लिए लालपुर धान क्रय केंद्र अनुमोदित किया गया है। 2016-17 में पीसीएफ का एक धान क्रय केंद्र गोंडा मंडी में संचालित हो रहा था, जबकि वर्ष 2017-18 में पीसीएफ का कोई भी केंद्र संचालित नहीं हो रहा है। गोंडा मंडी में मात्र 2 धान क्रय केन्द्र संचालित हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में जनहित में लालपुर धान क्रय केंद्र गोंडा मंडी में संचालित किये जाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया था। परंतु निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित केंद्र प्रभारी द्वारा लालपुर धान क्रय केंद्र को गोंडा मंडी में स्थापित नहीं किया गया है और केंद्र प्रभारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अवकाश पर हैं। इसलिए संबंधित केंद्र प्रभारी द्वारा केंद्र को अब तक गोंडा मंडी में स्थापित नहीं करने एवं धान क्रय योजना और जनहित को कुप्रभावित करने के आरोप में अनूप कुमार ओझा को निलंबित करने के लिए प्रबंध निदेशक पीसीएफ को पत्र प्रेषित किया गया है। इसी प्रकार जिला प्रबंधक पीसीएफ गोंडा एवं सहायक आयुक्त जिला सहायक निबंधक सहकारिता द्वारा जनपद में संचालित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें धान क्रय केंद्र मोतीगंज का निरीक्षण किया गया, केंद्र पर खरीद नहीं हो रही थी। केंद्र पर अब तक कुल 43.20 क्विंटल खरीद सिर्फ दो कृषकों से की गई है। जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी मोतीगंज विजय कुमार सिंह के प्रतिकूल प्रतिकूल प्रविष्टि जारी किये जाने के लिए प्रबंध निदेशक पीसीएफ को अनुरोध पत्र भेजा है। इसी प्रकार केंद्र समिति के माध्यम से संचालित धान क्रय केंद्र चन्द्रदीप घाट भी निरीक्षण के दौरान बद ंपाया गया था। केंद्र पर केंद्र प्रभारी/सचिव कोई भी उपस्थित नहीं मिला। डीएम ने समिति के सचिव सुनील कुमार यादव एवं केंद्र प्रभारी राम निवास यादव के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही के लिए आयुक्त एवं निबंधक सहकारी समितियां उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र लिखा है। इसी प्रकार समिति के माध्यम से पीसीएफ संस्था द्वारा संचालित धान क्रय केन्द्र सहकारी संघ बभनान का भी निरीक्षण किया गया तो केंद्र पर खरीद नहीं हो रही थी। केंद्र द्वारा 4 दिसंबर तक कुल 20 क्विंटल खरीद की गई। डीएम ने केंद्र के सचिव कमलेश मौर्या एवं केंद्र प्रभारी अनुज सिंह द्वारा धान क्रय में रुचि नहीं लिये जाने की दशा में इनके विरुद्ध कार्यवाही के लिए आयुक्त एवं निबंधक सहकारी समितियां को पत्र भेजा है। डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों व सचिवों को तीन दिन की मोहलत देते हुए सख्त चेतावनी दी है कि धान क्रय में सुधार न होने पर कठोर कार्यवाही के लिए तैयार रहें। डीएम ने बताया कि जनपद गोंडा अंतर्गत तिरुपति कामर्स, अमित गृह उद्योग, आनंद राइस मिल्स कौड़िया, भीखाराम उद्योग गोंडा, स्टार राइस मिल, बालाजी उद्योग तथा अभिषेक इंडस्ट्रीज का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सभापति/नगर मजिस्ट्रेट को आदेश दे दिए हैं। नगर मजिस्ट्रेट पीडी गुप्ता द्वारा सातों मिलर्स के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। सातों मिलों के संचालकों द्वारा डीएम के आदेश के बावजूद मंडी शासनादेशों का उल्लंघन करते हुए अपनी मिलों का अनुबंध धान खरीद के लिए नहीं कराया गया था, जिससे किसानों का धान नहीं बिक पा रहा था।