थाने में अधेड़ की हालत बिगड़ी
ससुराली जनों ने पुत्री को विदा न करने का लगाया था आरोप
पूछताछ के लिए पुलिस लाई थी थाने, रात भर बिठाए रखा
जमुनहा (श्रावस्ती)। पुत्री को विदा न करने की शिकायत पर पूछताछ के लिए थाने लाए गए अधेड़ की देर रात हालत बिगड़ गई। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे आनन फानन में मंगलवार की सुबह उसे सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनिकौरा निवासी साबितराम पुत्र रघुवर के पुत्र का विवाह थाना क्षेत्र के देवरनिया निवासी चंद्रिका प्रसाद पुत्र तुलसी की पुत्री से हुआ था। कई माह से विवाहिता अपने मायके में रह रही है। इसकी शिकायत रविवार को साबितराम ने मल्हीपुर पुलिस से की थी। इसमें साबितराम ने पिता चंद्रिका प्रसाद पर बहु को विदा नहीं करने का आरोप लगाया था। शिकायत पर पुलिस सोमवार को चंद्रिका प्रसाद को पूछताछ के लिए थाने लाई और रात भर बिठाए रखा। जहां पर चंद्रिका प्रसाद ने खाना पानी छोड़ दिया। देर रात थाने में अचानक चंद्रिका प्रसाद की हालत बिगड़ने लगी। इससे वह थाने में जमीन पर गिर गया। आनन फानन में पुलिस कर्मियों ने उसे मंगलवार की सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक सुजीत कुमार राय ने बताया कि चंद्रिका प्रसाद को डिहाइड्रेशन की शिकायत थी। कुछ न खाने पीने से उसकी तबियत बिगड़ गई थी। बाद में इलाज के बाद वह समधी के साथ घर चला गया था।