रायबरेली। लोकसभा चुनाव में वोटिंग कराने वाले मतदानकर्मियों ने प्रशिक्षण के साथ शनिवार को दूसरे दिन भी मतदान किया। 101 मतदानकर्मियों ने पोस्टल बैलेट वोट डाले तो 740 मतदानकर्मियों को मतदान करने के लिए इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट (ईडीसी) दिया गया। ये मतदानकर्मी जिले के ही रहने वाले हैं। वे जिस बूथ पर मतदान कराने के लिए ड्यूटी करेंगे, वहां वे अपना वोट डालेंगे। दो दिन में पोस्टल बैलेट से 164 मत पड़े, जबकि 1386 मतदानकर्मियों को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट दिया गया।
मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण के दूसरे दिन शनिवार को फीरोज गांधी कॉलेज मतदानकर्मियों को पोस्टल बैलेट से मतदान करने का मौका दिया गया। दो पालियों में प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए पहुंचने मतदानकर्मियों की भीड़ मतदान करने के लिए काउंटरों पर देखने को मिली। दूसरे दिन जिले के रहने वाले 740 मतदान कर्मचारियों को 20 मई को ही मतदान करने के लिए ईडीसी दिया गया।
सहायक महानिदेशक (स्टांप) एसबी सिंह ने बताया कि दूसरे दिन 101 मतदानकर्मियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है। 740 मतदानकर्मियों को ईडीसी दी गई है। वे 20 मई को डयूटी वाले मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।