आधी रात को बिजली चालू करने के लिए वैकल्पिक स्रोत की खोजबीन करते अधिशासी अभियंता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी लखनऊ में निर्माण इकाई के एक ठेकेदार की लापरवाही और मनमानी के चलते अलीगंज कॉलोनी के 10 हजार से ज्यादा घरों की बत्ती बुझ गई। बिजली संकट से आजिज सेक्टर सी, डी, जी, पी, के, पुरनिया गांव, चौधरी टोला, बनारसी टोला आदि के उपभोक्ताओं ने पुरनिया उपकेंद्र का घेराव कर लिया तो पुलिस को लाठी फटकार करके भगाना पड़ा।
पुलिस की सरपरस्ती में शुक्रवार तड़के 5.00 बजे यह संकट दूर हुआ। इसके लिए पूरी रात इंजीनियरों को काम करना पड़ा। गर्मी के इस मौसम में पंखे और कूलर बंद होने से लोगों को असहनीय गर्मी झेलनी पड़ रही है।
घटना का विवरण और कारण
बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे ठेकेदार उपकेंद्र की 33 केवी भूमिगत लाइन बिछाने के लिए इंजीनियरों की मनाही के बाद भी मनमाने तरीके से जेसीबी से खोदाई कराने लगा। इससे पुरनिया उपकेंद्र से केंद्रीय भवन को जाने वाली 33 केवी लाइन का भूमिगत केबिल कट गया। इससे 15 एमवीए ट्रांसफार्मर में इतनी तेजी से धमाका हुआ कि आसपास के लोगों की नींद टूट गई। गर्मी के मौसम में बत्ती गुल होते ही जेई, एसडीओ, एक्सईएन, एसई के उपकेंद्र पहुंचने से पहले 200 लोगों का वहां जमावड़ा हो चुका था।
10 लाख तक का नुकसान
केबल कटने से उपकेंद्र के कंट्रोल रूम में जो धमाका हुआ, उससे पैनल और रिले सिस्टम ध्वस्त हो गया। इससे करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। दरअसल, ठेकेदार को पहले ही उपकेंद्र के सामने एक दर्जन ज्यादा पहले से ही भूमिगत केबल होने के कारण जेसीबी के बजाय मैनुअल खोदाई कराने का सुझाव दिया गया था, जिसे अनसुना कर दिया।
पौन घंटे रहा घुप अंधेरा
रात 11:30 से 12:15 बजे तक अलीगंज कॉलोनी के बड़े हिस्से में घुप अंधेरा रहा। जिम्मेदारों ने 3000 उपभोक्ताओं को छोड़कर अन्य 7000 की बिजली पौन घंटे में चालू कर ली। बिजली चालू होने के बाद नाराज उपभोक्ता घरों को लौटे। केंद्रीय भवन और 3000 उपभोक्ताओं की बिजली डेढ़ घंटे बाद गोयल उपकेंद्र से चालू की गई। इसके बाद कटे केबल और क्षतिग्रस्त पैनल आदि की मरम्मत शुरू हुई तो सुबह पांच बजे यह कार्य हो पाया।
जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण आधी रात को अलीगंज कॉलोनी की बिजली व्यवस्था खतरे में पड़ गई थी। उसने मनमाने तरीके से खोदाई शुरू की जिससे केबल कट गया। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।