डीसीएम से 10 गोवंश बरामद, गोशाला भेजे गए
बख्शी का तालाब। इटौंजा इलाके में पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे 10 गोवंशों को पुलिस ने पकड़ा है। डीसीएम वाहन से बरामद इन गोवंशों को पृथ्वीनगर स्थित गौशाला में रखा गया है। इंस्पेक्टर सोबरन सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर हर्षा कॉलेज के सामने डीसीएम को रोका गया। यह कार्रवाई पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर की गई। डीसीएम में 10 गोवंश लदे थे। भारतीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अंशुल यादव और उनकी टीम ने बताया कि वे शाहजहांपुर से डीसीएम का पीछा कर रहे थे। इटौंजा पहुंचने पर उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंजाब निवासी डीसीएम चालक रविंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।