फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: रबी-खरीफ सीजन में 1.63 लाख फसल बीमा आवेदन मिले फर्जी, जारी की गई चेतावनी

Tue, 09 Jun 2026 10:19 AM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

रबी-खरीफ सीजन में 1.63 लाख फसल बीमा आवेदन फर्जी मिले हैं। सत्यापन के दौरान फर्जी आवेदन पकड़े गए हैं। इन सभी को चेतावनी जारी की गई है। दो बार चेतावनी देने के बाद भी आवेदन मिले तो रिपोर्ट दर्ज होगी। आगे पढ़ें पूरी खबर....
विज्ञापन
फसल बीमा घोटाला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में रबी और खरीफ सीजन में 1.63 लाख आवेदन फर्जी मिले हैं। इसमें सर्वाधिक आवेदन महोबा और ललितपुर में मिले हैं। इन आवेदनों को बीमा के दायरे से बाहर कर दिया गया है। इनकी सूची तैयार की गई। यदि कोई किसान दो बार फर्जी आवेदन सूची में शामिल होता है और तीसरी बार आवेदन करता है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

विज्ञापन


महोबा, झांसी, ललितपुर, फर्रुखाबाद, मथुरा सहित कई जिलों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली है। अमर उजाला के खुलासे के बाद अब हर सीजन में बीमा करते वक्त फूंक-फूंक कर कदम बढ़ाया जा रहा है। कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने खरीफ 2025 में फसल बीमा के लिए मिले आवेदनों का नए सिरे से सत्यापन किया। इसमें 1.16 लाख आवेदन फर्जी पाए गए जबकि 72.95 लाख आवेदन स्वीकृत किए गए।

फर्जी आवेदनों की संख्या घटकर 47 हजार हुई

कृषि विभाग के सूत्रों के अनुसार फर्जी मिले आवेदनों में किसी का रकबा गलत मिला तो कोई बिना खेत मालिक हुए ही बीमा के लिए आवेदन कर दिया था। खरीफ सीजन में की गई कड़ाई का असर रहा कि रबी 2025-26 में फर्जी आवेदनों की संख्या घटकर 47 हजार हो गई है। रबी सीजन में फर्जी मिले आवेदनों को भी सूचीबद्ध किया गया है। विभाग ने रणनीति बनाई है कि यदि कोई किसान तीन बार फर्जी तरीके से आवेदन करता है तो जांच कराकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वहीं, संबंधित किसान का तीन बार फर्जी तरीके से आवेदन कराने वाले जन सेवा केंद्रों को भी जांच के दायरे में लाया जाएगा।

अमर उजाला ने किया नदी, रेलवे की जमीन पर बीमा कराने का खुलासा

अमर उजाला ने 16 दिसंबर 2025 के अंक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गड़बड़ी का खुलासा किया था। इसमें बताया गया था कि फर्जीवाड़ा करने वालों ने नदी, नाले, रेलवे लाइन की जमीन और सांसद की जमीन पर भी बीमा करा लिया। चरणबद्ध तरीके से छपी खबरों के बाद जांच शुरू हुई। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कई लोगों की गिरफ्तारी हुई। फिलहाल वसूली की कार्रवाई चल रही है।

प्रमुख जिलों में खरीफ 2025-26 में रद्द हुए आवेदन

  • महोबा- 48,484
  • ललितपुर- 23,577
  • झांसी- 9,259
  • फर्रुखाबाद- 3,953
  • मथुरा- 3,846
  • हमीरपुर- 3,479
  • जालौन- 3,433
  • बांदा- 695
  • चित्रकूट- 136


(नोटः इन जिलों में सर्वाधिक फर्जीवाड़ा सामने आया था)

प्रमुख जिलों में रबी 2025-26 में रद्द हुए आवेदन

  • ललितपुर- 16,767
  • फर्रुखाबाद-3,629
  • हमीरपुर- 2,934
  • बांदा- 1,348
  • महोबा- 1,238
  • मथुरा- 988
  • झांसी- 289
  • चित्रकूट- 117
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें