उत्तर प्रदेश के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने के साथ ही कौशल विकास मिशन अब युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, जागरूक और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। इसके तहत मिशन ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के साथ शुक्रवार को एमओयू किया। इसमें कौशल विकास मिशन और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रदेश भर में 1000 से अधिक ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे 1.5 लाख से अधिक युवाओं को वित्तीय कौशल का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला में एनएसई के अधिकारियों ने वित्तीय सफलता के 12 मूल मंत्र बताए। कहा, पहले खुद के भविष्य के लिए बचत करें। आय से कम खर्च करें। आपातकालीन फंड तैयार रखें। अधिक ब्याज दर पर ऋण लेने से बचें, नियमित निवेश करें। निवेश में विविधता रखें, रिस्क और रिटर्न की समझ रखें। टैक्स को देखते हुए निवेश करें। आवश्यक बीमा करवाएं, लांग टर्म एसेट्स लें और समय-समय पर निवेश की समीक्षा भी करें।
कार्यशाला में कर्मचारियों को सारथी एप के बारे में बताया गया। यह निवेश शिक्षा के लिए बनाया गया डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसमें निवेश संबंधी शैक्षणिक वीडियो, वित्तीय योजना के टूल्स, कैलकुलेटर और वित्तीय स्वास्थ्य चेकअप जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे युवा यह भी समझेंगे कि वेतन का सही प्रयोग कैसे करें। बजट और बचत कैसे शुरू करें, निवेश कब और कहां करना चाहिए, लोन से कैसे बचना है। भविष्य की आर्थिक सुरक्षा कैसे तैयार करनी है।