युवक की पिटाई कर आधा किलो चांदी व कैश लूटा
नई दिल्लीः खजूरी चौक पर शाहबाद डेरी के लिए बस का इंतजार कर रहे ऋषि (23) से बदमाशों ने आधा किलो चांदी, कैश और मोबाइल लूट लिया। वारदात के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की बुरी तरह पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऋषि परिवार के साथ शाहबाद डेरी इलाके में रहता है। वह करोलबाग में एक ज्वेलर के पास काम करता है। रविवार रात को वह वापस लौटते समय खजूरी चौक पर उतरा तो उसके साथ वारदात हो गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
----
पटेल नगर में बदमाशों ने घर में घुसकर की लूटपाट
नई दिल्लीः पटेल नगर इलाके में दो बदमाश घर की डोर बेल बजाकर जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने खुद को कुरियर कंपनी का बताया। वेस्ट पटेल नगर, तीसरी मंजिल निवासी सुरेंद्र बख्शी (55) की गर्दन पर चाकू रखकर बदमाशों ने 30 हजार रुपये लूट लिये। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। सुरेंद्र पोस्ट ऑफिस में एजेंट का काम करते हैं। फरार होते समय बदमाशों ने घर की बाहर से कुंडी लगा दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
----
न्यू अशोक नगर में बीएसएफ जवान का मोबाइल लूटा
पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने बीएसएफ जवान प्रदीप कुमार (39) का मोबाइल लूट लिया। वारदात के समय वह अपने दोस्त के घर से लौट रहे थे। इस बीच रास्ते में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। प्रदीप बीएसएफ में सिपाही हैं और न्यू अशोक नगर में रहते हैं। रविवार शाम को वह ई-ब्लॉक में रहने वाले अपने दोस्त के घर गए थे। पुनीत अपार्टमेंट के पास उनके मोबाइल पर कॉल आया। जैसे ही उन्होंने मोबाइल निकाला। बदमाश उनका मोबाइल जबरन छीनकर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
----
(शुजात आलम)