फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रघुबीर नगर में मौसेरे भाई ने किराया मांगने पर दो को मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। पश्चिम दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में बहुत ही बेरहमी से दो युवकों की चाकू और चापड़ से वारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की शिनाख्त गांव कुआं खेड़ा, बछराऊं, अमरोहा निवासी अमीर हसन (46) और गांव बासता, बिजनौर निवासी मोहम्मद आजम (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों ही हत्या के आरोप में आजम के मौसेरे भाई व रूम पार्टनर शाकिर (23) को उसके गांव छुछेला कलां, अमरोहा से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान शाकिर ने बताया है कि लॉक डाउन के दौरान वह अपने गांव चला गया था। अमीर व आजम उससे उस दौरान का किराया मांग रहे थे। विरोध करने पर आजम व अमीर ने गाली-गलोच कर उसकी पिटाई कर दी थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने रविवार रात को दोनों की हत्या कर दी। बाद में वह अपने गांव फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू व चापड़ बरामद कर लिया है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7.25 बजे सूचना मिली कि डी-17, रघुबीर नगर स्थित पहली मंजिल के मकान में दो लोगों की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कमरे की कुंडी बाहर से लगी थी। पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो फर्श पर अमीर व आजम की लाश पड़ी थी। दोनों का लगभग पूरी तरह से गला काटने के बाद उनके शरीर को चाकू और मास काटने वाले चापड़ से बुरी तरह काटा गया था। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम को भी बुला लिया गया। पुलिस की छानबीन में पता चला कि अमीर और आजम पिछले 26 सालों से यहां रह रहे थे। दोनों रेहड़ी पर साप्ताहिक बाजारों में लहसुन, अदरक व अन्य सब्जी बेचते थे। पिछले करीब सात-आठ साल से आजम का मौसेरे भाई शाकिर भी इनके साथ कमरे पर रहकर सब्जी बेचता था। शाकिर के गायब होने से हुआ शक घटना के बाद से शाकिर गायब था। पुलिस ने छानबीन की तो पहला शक उसी पर हुआ। फौरन एक टीम रात को ही अमरोहा शाकिर के गांव भेज दिया गया। आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान शाकिर ने बताया कि वह अपने मौसरे भाई आजम के साथ उसके ही कमरे पर रहता था। आजम, अमीर और शाकिर तीनों बराबर किराया देते थे। लॉक डाउन से पूर्व शाकिर अपने गांव चला गया था। 15 दिन पूर्व वह गांव से लौटा तो दोनों ने शाकिर से पिछले महीनों का किराया मांगा। इसी बात पर झगड़ा हुआ तो दोनों ने गाली-गलोच करने के अलावा उसे पीट दिया। शाकिर ने इसका बदला लेने की ठानी। रविवार देर रात को सोते समय शाकिर ने दोनों की चाकू व चापड़ की मदद से बेरहमी से हत्या कर दी। बाद में वह कमरे से कैश लेकर फरार हो गया। जाते समय उसने चाकू व चापड़ भी छिपा दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। दोनों के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल अमीर और आजम की मौत से उनके परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। अमीर का परिवार बछराऊं, अमरोहा में रहता है। इसके परिवार में पत्नी आसमा, चार बच्चे और पांच भाई हैं। वहीं आजम का परिवार भी बिजनौर स्थित उसके गांव में रहता है। इसके परिवार में मां अख्तरी, पत्नी खुर्शीदा, तीन बच्चे, दो भाई व सात बहनें हैं। आजम के रिश्तेदार यासीन ने बताया कि बहुत छोटी उम्र में आजम व अमीर दिल्ली कमाने के लिए आ गए थे। दोनों यहां अलग-अलग मौसम की सब्जी बेचते थे। सात-आठ साल पहले आजम की अपने मौसेरे भाई को दिल्ली लाया था। उसे नहीं पता था कि उसका भाई ही उसकी जान का दुश्मन बनेगा। पुलिस ने मंगलवार दोपहर को दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिए। परिजन दोनों के शवों को लेकर अपने-अपने गांव रवाना हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें