महेंद्रगढ़। शहर में इस बार बारिश के दिनों में शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए नपा द्वारा शहर में बरसाती पानी को शहर से बाहर भेजने के लिए 4 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। जिम्मेदारों की मानें तो यह काम भी अगले दो माह में पूरा कर लिया जाएगा।
शहर के मुख्य गोशाला रोड पर जलभराव की अधिक समस्या रहती थी। यहां पानी निकासी के लिए सड़क निर्माण के साथ-साथ बारिश के पानी की निकासी के लिए अलग से नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा शहर के सिनेमा रोड, पुराने किले के पास होने वाले जलभराव से निपटने के लिए मसानी पाइप लाइन दबाकर बरसाती पानी को शहर से बाहर बुचौली रोड पर भेजने की योजना बनाई है।
------------
- यहां होती है सबसे अधिक परेशानी
बरसात के दिनों में शहर के सिनेमा रोड, गोशाला रोड, मसानी चौक, शॉपिंग कांपलेक्स, आईटीआई रोड, सब्जी मंडी रोड, अनाज मंडी सहित अनेक स्थानों पर जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब नपा की योजना सिरे चढ़ी तो बारिश के दिनों में शहरवासियों को परेशानियों का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।
------------
नगरपालिका द्वारा शहरवासियों को बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए 4 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। शहर के गोशाला रोड पर दोनों ओर नालों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पुराने किले से लेकर मसानी चौक तक भूमिगत पाइप लाइन दबाकर बारिश के पानी को शहर से बाहर भेजने की योजना बनाई गई है। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए सभी नालों की मरम्मत के साथ-साथ जहां आवश्यकता है वहां नए नालों का भी निर्माण किया जाएगा।
--- महेंद्रगढ़ नपा एमई, योगेश कुमार