बहादुरगढ़। रोहतक के गांव मकड़ोली की निवासी एक बुजुर्ग महिला की आसौदा रेलवे स्टेशन के पास गला रेतकर हत्या कर दी गई। वृद्धा का शव एक खेत में बने कमरे में निर्वस्त्र हालत में मिला है। रोहतक के गांव मकड़ोली कलां की निवासी यह महिला आसौदा गांव की बेटी थीं। वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए वीरवार की शाम को ट्रेन से आई और आसौदा रेलवे स्टेशन से पैदल घर जाते समय सायंकाल लगभग छह बजे किसी ने उन्हें पकड़ लिया और नजदीक ही एक डेरी के कमरे में ले जाकर निर्ममता पूर्वक गला रेतकर हत्या कर दी।
मृतका मूर्ति देवी करीब 70 साल की थीं। देर तक अपने भाई के घर नहीं पहुंची तो तलाश शुरू की गई। देर रात तूड़े के उक्त कमरे में वह मृत मिलीं। सूचना मिलने पर आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में होगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गांव आसौदा सिवान में शादी की खुशियां मातम में बदल गयी हैं। जहां एक तरफ खुशी भरा माहौल था, वहां बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सन्नाटा सा पसर गया है। उनके पेट पर भी चोट के निशान मिले हैं। कपड़े फटे मिले हैं। उनके कानों से सोने की बालियां और बैग से कीमती सामान भी गायब मिला है।
गांव आसौदा सिवान निवासी रामफल ने बताया कि उनकी 70 वर्षीय बहन मूर्ति देवी पत्नी श्रीभगवान अपनी पोती व दोहती के साथ मकड़ोली कलां से ट्रेन में सवार होकर आसौदा आ रही थी। पांच फरवरी को उनकी भतीजी की शादी है। वह इस विवाह समारोह में शामिल होने के लिए वीरवार शाम को मकड़ोली कलां से चली थी। आसौदा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद हमने पड़ोस के गोविंद को मोटर साइकिल लेकर भेज दिया ताकि वह मूर्ति को लेकर घर आ जाए। मगर स्टेशन पर मूर्ति के साथ दो और लड़की होने की वजह से वह उन लड़कियों को लेकर घर आ गया और मूर्ति देवी को लेने के लिए अंकित को भेज दिया।
लेकिन अंकित को मूर्ति देवी रास्ते में कहीं नहीं मिली। अंधेरा होने की वजह से वह इधर-उधर देखता रहा लेकिन वह नजर नहीं आईं। बाद में घर आकर उसने बताया कि मूर्ति कहीं नहीं मिली। इस पर मूर्ति देवी की तलाश की गई। पूरा इलाका छान मारा। काफी तलाश करने पर रेलवे स्टेशन से आइटीआई की तरफ वाले रास्ते के बीच खेतों में बने तूड़े के कमरे में मूर्ति देवी का निर्वस्त्र अवस्था में शव पड़ा मिला। । मृतका मूर्ति के भाई रामफल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।