14 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में 5 पर केस
- प्लाट का बयाना देने वाली महिला ने दी पुलिस को शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-6 में 10 मरले के एक प्लाट की खरीद-फरोख्त में बयाने की राशि देने वाली महिला ने विक्रेता पक्ष पर 14 लाख रुपये वापस न करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी तो पुलिस ने प्रापर्टी डीलर व मकान मालिक सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रोहतक की जनता कालोनी निवासी सुमन पत्नी कविंद्र किन्हा ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर 2020 को उन्होंने सेक्टर-6 बहादुरगढ़ निवासी संतोष से मास्टर राजबीर, नरेश शर्मा व शुभम् प्रोपर्टीज के प्रोपराइटर की हाजिरी में बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 में 10 मरला के प्लाट नंबर 321 का लिखित एग्रीमेंट किया था। इसके लिए आठ लाख रुपये नकद और 37 लाख रुपये अपने खाते से संतोष को दे दिए थे। सुमन का कहना है कि पांच अगस्त 2021 को मेरी जानमारी से बुपनिया निवासी राहुल ने यह प्लाट खरीदने की इच्छा जाहिर की तो उन्होंने इस बारे में संतोष से बात करवाने का वादा किया। संतोष व राहुल की बात करा दी गई और हम तीनों की हाजिरी में प्लाट का नया बयाना मेरे व राहुल के बीच हुआ। इसके अनुसार राहुल ने 37 लाख रुपये भुगतान संतोष के हक में उसके खाता में डाल दिया, ताकि रजिस्ट्री हो सके।
सुमन ने शिकायत में बताया, संतोष ने उसे आश्वासन दिया कि दूसरी पेमेंट आते ही वह उसकी पेमेंट वापस कर देगी, मगर संतोष ने केवल 31 लाख ही उसके (सुमन के) खाता में डाले और बाद में दो लाख आठ हजार और डाल दिए। शेष पेमेंट छह लाख नहीं डाली। कई बार बात की तो केवल आश्वासन ही मिला। नकद के आठ लाख समेत 14 लाख रुपये की पेमेंट देने से इंकार कर दिया। सुमन ने आरोप लगाया कि शुभम् प्रापर्टी से छत्तर सिंह बेरवाल मास्टर राजबीर, नरेश शर्मा व संतोष मिलीभगत करके उसके साथ धोखा करके पैसे हड़पना चाहते हैं। जब वह पैसे मांगती हैं तो संतोष व उसका पति रामकुमार जान से मारने की धमकी देते हैं। सुमन ने पांचों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सेक्टर-6 थाना पुलिस ने पांचों आरोपियोंं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।