08:30 AM, 28-Jul-2026
ईरान को रूस की मदद का असर नहीं: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अगर रूस ने अमेरिका के खिलाफ जारी संघर्ष में ईरान की किसी भी तरह मदद की है, तो उसका कोई खास असर नहीं पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस बारे में पूछेंगे।
यह बयान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के हालिया आरोपों के बाद आया है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया था कि रूस अमेरिका के सैन्य ठिकानों और खाड़ी देशों के ठिकानों पर हमले करने के लिए ईरान को उपग्रह से जुड़ी खुफिया जानकारी दे रहा है। जेलेंस्की ने यह भी बताया था कि रूस अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए उत्तर कोरिया से 30 हजार सैनिक लेने की तैयारी कर रहा है।
एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को बहुत नुकसान पहुंचाया है और संघर्ष में अपनी ताकत दिखाई है। उन्होंने कहा कि अगर रूस ईरान की मदद कर भी रहा है, तब भी ईरान कमजोर हो रहा है।
ट्रंप ने कहा, हम पता लगाएंगे कि यह सच है या नहीं। मैं इस बारे में पुतिन से पूछूंगा। हम पता लगाएंगे। उन्होंने कहा, इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा, क्योंकि हमने ईरान को बहुत नुकसान पहुंचाया है। हो सकता है कि वे मदद कर रहे हों, लेकिन अगर ऐसा है तो भी यह काम नहीं आया, क्योंकि उनके पास न सेना है, न वायुसेना है, न नौसेना है और उनके पास कुछ भी नहीं है।