फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Crisis LIVE: खाड़ी देशों की बैठक में यूएई ने लिया हिस्सा, US ने PAK में तैनात कर्मचारियों को बुलाया

Wed, 04 Mar 2026 11:41 PM IST
Shubham Kumar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

पश्चिम एशिया की धरती पर जंग की आहट अब और तेज हो गई है। इस्राइल और अमेरिका के ईरान पर लगातार हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई पांचवें दिन भी जारी है। बमबारी तेज है और ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान कई हफ्तों तक चल सकता है। ऐसे में हालात बिगड़ते देख अमेरिकी गृह विभाग ने पश्चिम एशिया छोड़ना चाहने वाले अमेरिकियों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। पश्चिम एशिया में तनाव से जुड़े सभी अपडेट्स इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें...


पहले दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए: Israel-Iran War Live: हमलों के बीच रुबियो का इस्राइल दौरा रद्द; ईरान अपनी गलतियों का नतीजा भुगत रहा- हेगसेथ

दूसरे दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए:- Israel-Iran War News LIVE: हालिया हमलों में सात ईरानी सैन्य कमांडरों की मौत; तेहरान के अस्पताल पर भीषण हमला

तीसरे दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए: Israel-Iran War LIVE: ट्रंप की ईरान को चेतावनी, कहा- असली हमले अभी बाकी; ईरानी सुरक्षा प्रमुख बोले- हम तैयार

चौथे दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए: West Asia Crisis LIVE: ईरान में नई सरकार पर ट्रंप ने दिए बड़े संकेत; दुबई, दोहा और अबूधाबी में धमाकों से दहशत

विज्ञापन
ईरान संकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:40 PM, 04-Mar-2026

खाड़ी देशों की बैठक में यूएई ने लिया हिस्सा

संयुक्त अरब अमीरात ने हाल ही में खाड़ी देशों की एक महत्वपूर्ण आपात बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में देश का प्रतिनिधित्व आंतरिक मामलों के मंत्री ने किया। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई थी। यह अपनी तरह की पहली संयुक्त आपात बैठक थी, जिसमें खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) यानी अरब खाड़ी देशों की परिषद के सदस्य देशों के आपातकाल, संकट और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी और ऑपरेशन रूम के अधिकारी शामिल हुए।

यूएई के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने के संयुक्त प्रयासों का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य मौजूदा परिस्थितियों और अलग-अलग तरह की आपात चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारी के स्तर को और बेहतर बनाना है।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने आपसी सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यूएई के गृह मंत्रालय के अनुसार, इस तरह की बैठकें सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने, जानकारी साझा करने और किसी भी आपात स्थिति में मिलकर तेज और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी हैं।

11:10 PM, 04-Mar-2026

अमेरिका ने पाकिस्तान में कर्मचारियों को वापस बुलाया

अमेरिका ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच मध्य पूर्व और पाकिस्तान में अपने गैर-जरूरी सरकारी कर्मचारियों को वापस बुलाने का आदेश दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने सऊदी अरब, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान के लिए यात्रा चेतावनी को लेवल-3 यानी ‘यात्रा पर पुनर्विचार करें’ तक बढ़ा दिया है। कुवैत, बहरीन, कतर और पाकिस्तान के लिए भी यही स्तर लागू है। अधिकारियों ने ड्रोन और मिसाइल हमलों के खतरे तथा क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए यह कदम उठाया है। कतर में अमेरिकी दूतावास ने नियमित सेवाएं भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।

11:10 PM, 04-Mar-2026

पश्चिम एशिया संकट के बीच रूस का बड़ा कदम, भारत को 95 लाख बैरल तेल भेजने को तैयार

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच रूस ने भारत को बड़ा आश्वासन दिया है। रूस ने कहा है कि वह भारत को 95 लाख बैरल कच्चा तेल भेजने के लिए तैयार है, ताकि आपूर्ति संकट के बीच भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सके। मौजूदा हालात में भारत के कच्चे तेल के भंडार सीमित स्तर पर हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश के पास फिलहाल करीब 25 दिनों की मांग के बराबर ही कच्चे तेल का भंडार मौजूद है। इसके अलावा डीजल, पेट्रोल और एलपीजी जैसे ईंधनों का स्टॉक भी सीमित है, जिससे आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ गया है।

पश्चिम एशिया में अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से स्थिति और गंभीर हो गई है। ईरान द्वारा किए गए हमलों के बाद कई जहाजों पर हमले हुए, जिसके चलते होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाला समुद्री मार्ग लगभग बंद हो गया है। भारत के लिए यह स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण है क्योंकि देश के करीब 40 प्रतिशत कच्चे तेल का आयात इसी मार्ग से होता है। ऐसे में आपूर्ति में बाधा आने से भारत को वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करनी पड़ी है। भारत के रिफाइनरी संयंत्र रोजाना लगभग 56 लाख बैरल कच्चे तेल का प्रसंस्करण करते हैं। ऐसे में रूस का यह प्रस्ताव भारत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे मौजूदा संकट के दौरान ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर रखने में मदद मिल सकती है

विज्ञापन
10:30 PM, 04-Mar-2026

चीन और इस्राइल के विदेश मंत्रियों के बीच फोन पर बातचीत, युद्ध रोकने पर जोर

चीन के विदेश मंत्री वांग यी और इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार के बीच मंगलवार को फोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान वांग यी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय विवादों का समाधान बातचीत और परामर्श के जरिए होना चाहिए। उन्होंने सभी पक्षों से संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का पालन करने और बल प्रयोग से बचने की अपील की। वांग यी ने इस्राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों का विरोध करते हुए कहा कि सैन्य कार्रवाई समस्याओं का समाधान नहीं करती। उन्होंने युद्ध को तुरंत रोकने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
 

10:26 PM, 04-Mar-2026

ईरान से निकाले गए 25 चीनी नागरिक तुर्कमेनिस्तान होते हुए अपने घर के लिए रवाना हुए

3 मार्च को ईरान से तुर्कमेनिस्तान लाए गए 25 चीनी नागरिक 4 मार्च की सुबह अपने घर के लिए रवाना हो गए। निकाले गए चीनी लोग तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। तुर्कमेनिस्तान स्थित चीनी दूतावास के एक कार्य दल ने चेक-इन प्रक्रियाओं में सहायता की। तुर्कमेनिस्तान स्थित चीनी दूतावास के कार्यवाहक प्रभारी चोंग हुआ ने हवाई अड्डे पर उनसे मुलाकात करते हुए कहा, “मातृभूमि विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों के लिए हमेशा एक मजबूत सहारा रहेगी। पार्टी और सरकार विदेशों में रहने वाले प्रत्येक चीनी नागरिक की सुरक्षा के लिए हमेशा चिंतित रहती है। दूतावास हमेशा अपने देशवासियों के साथ है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। हम अपने सभी देशवासियों को सुरक्षित और सुगम घर वापसी की शुभकामनाएं देते हैं।”

ईरान में पढ़ रहे चीनी छात्र मा हैलोंग भी निकाले गए लोगों में शामिल थे। उन्होंने कहा, “जब हमें पहली बार युद्ध शुरू होने की खबर मिली, तो हम भयभीत हो गए थे, हमें डर था कि किसी भी क्षण गोले हमारे सिर पर गिरेंगे। सौभाग्य से, हमने तुरंत ईरान स्थित चीनी दूतावास से संपर्क किया, और हमें राहत मिली। दूतावास से संपर्क करना ऐसा लगा जैसे हम बचपन में अपने परिवार के साथ हों। हमें बहुत सुरक्षित महसूस हुआ। मार्च की शुरुआत में, तुर्कमेनिस्तान स्थित चीनी दूतावास ने एक नोटिस जारी किया और तुर्कमेनिस्तान से गुजर रहे चीनी नागरिकों को स्वदेश लौटने में आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए सीमा चौकी पर तुरंत एक कार्य दल भेजा। दूतावास ने कहा कि वह ईरान से निकाले गए चीनी लोगों की सहायता करने और उनके देशवासियों को सुरक्षित घर लौटने में मदद देने के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।

विज्ञापन
10:16 PM, 04-Mar-2026

'हमला करना मजबूरी', खाड़ी देशों से बोले ईरानी राष्ट्रपति

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने खाड़ी देशों से कहा है कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद तेहरान के पास जवाबी कार्रवाई के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अरबी और फारसी में किए गए पोस्ट में कहा कि ईरान ने शुरुआत में कूटनीति के जरिए युद्ध टालने की कोशिश की थी, लेकिन लगातार हो रहे हमलों ने उसे जवाब देने के लिए मजबूर कर दिया।

पेजेशकियन ने पड़ोसी देशों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ईरान उनकी संप्रभुता का सम्मान करता है और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में स्थायी सुरक्षा केवल सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। इस दौरान अराघची ने उन दावों को खारिज कर दिया कि ईरान ने कतर में केवल अमेरिकी हितों को निशाना बनाया था।

08:32 PM, 04-Mar-2026

 ईरान ने गुप्त तरीके से अमेरिका से शांति वार्ता का प्रस्ताव दिया, रिपोर्ट्स में दावा

अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी युद्ध के बीच ईरान ने कथित तौर पर गुप्त तरीके से अमेरिका से शांति वार्ता का प्रस्ताव दिया है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे ठुकराते हुए कहा कि अब बातचीत के लिए देर हो चुकी है। इस्राइली हमलों के बाद ईरान में नेतृत्व संकट भी गहराता जा रहा है। खामेनेई की मौत के बाद नए सुप्रीम लीडर को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

08:02 PM, 04-Mar-2026

 होरमुज जलडमरूमध्य में संकट गहराया

200 से ज्यादा जहाज खुले समुद्र में फंसेमध्य पूर्व संघर्ष के बीच होरमुज जलडमरूमध्य में समुद्री व्यापार लगभग ठप हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 200 जहाज, जिनमें तेल और एलएनजी टैंकर भी शामिल हैं, खाड़ी के देशों इराक, सऊदी अरब और कतर के तटों के पास खुले समुद्र में लंगर डाले खड़े हैं। कई अन्य जहाज बंदरगाहों तक पहुंचने में असमर्थ हैं। यह जलमार्ग दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस आपूर्ति के लिए अहम माना जाता है। संकट के कारण कतर ने गैस उत्पादन रोका है और इराक ने तेल उत्पादन घटा दिया है।

08:01 PM, 04-Mar-2026

इस्फहान परमाणु केंद्र के पास नुकसान, लेकिन रेडिएशन का खतरा नहीं: IAEA

संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था आईएईए ने कहा है कि ईरान के इस्फहान परमाणु केंद्र के पास दो इमारतों को नुकसान हुआ है। सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर यह जानकारी सामने आई है। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया कि जिन जगहों पर परमाणु सामग्री रखी जाती है वहां कोई नुकसान नहीं हुआ है और रेडिएशन फैलने का कोई खतरा नहीं है। आईएईए ने यह भी कहा कि नतांज और बुशेहर समेत अन्य परमाणु स्थलों पर भी कोई नया नुकसान दर्ज नहीं किया गया है।

07:40 PM, 04-Mar-2026

अमेरिका के दबाव के आगे नहीं झुकेंगे- स्पेन की उप प्रधानमंत्री

स्पेन की उप प्रधानमंत्री मारिया जीसस मोन्टेरो ने कहा है कि उनका देश अमेरिका का “वसल” नहीं बनेगा और किसी भी तरह की धमकी को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने यह बयान उस विवाद के बीच दिया जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर स्पेन अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान पर हमलों के लिए नहीं करने देता तो अमेरिका व्यापारिक संबंध खत्म कर सकता है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने भी कहा कि यह संघर्ष दुनिया के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

07:40 PM, 04-Mar-2026

तेल अवीव के पास इस्राइली सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमला

हिज्बुल्ला ने दावा किया है कि उसने तेल अवीव के दक्षिण-पूर्व में स्थित इस्राइली सैन्य अड्डे ‘तेल हाशोमर बेस’ पर ड्रोन से हमला किया है। संगठन के बयान के अनुसार उसके लड़ाकों ने आज एक ड्रोन का झुंड भेजकर इस ठिकाने को निशाना बनाया। हिज्बुल्लाह ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान के कई शहरों और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर इस्राइली हमलों के जवाब में की गई। वहीं इस्राइली सेना ने कहा कि लेबनान से दागे गए कई ड्रोन को रास्ते में ही रोक लिया गया।
 

07:02 PM, 04-Mar-2026

ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाला सरगना मारा गया- अमेरिकी रक्षा मंत्री

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कथित साजिश के पीछे मौजूद सरगना को मार गिराया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों और सैन्य बलों के संयुक्त अभियान के दौरान की गई। हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका अपने नेताओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि ऑपरेशन के स्थान और अन्य विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

07:02 PM, 04-Mar-2026

पश्चिम एशिया संकट के बीच 80 छात्र समेत दुबई से लौटे 111 भारतीय 

पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल-ईरान संघर्ष के कारण दुबई में फंसे पुणे जिले के 111 लोग सुरक्षित भारत लौट आए हैं। प्रशासन के अनुसार लौटने वालों में पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 80 छात्र और चार फैकल्टी सदस्य शामिल हैं। जिले के कुल 184 लोग दुबई में फंसे थे, जिनमें से बाकी लोगों को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पहल पर विशेष उड़ानों के जरिए यात्रियों को मुंबई लाया गया।

06:46 PM, 04-Mar-2026

ईरान संकट के बीच अमेरिका ने बढ़ाई सैन्य मौजूदगी, और फोर्स भेजी जा रही- रक्षा मंत्री

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्षेत्र में और सैनिक और सैन्य संसाधन भेजे जा रहे हैं। हेगसेथ ने कहा कि यह संघर्ष अभी शुरुआती चरण में है और अमेरिका जीत सुनिश्चित करने के लिए जितना समय लगेगा उतना लेगा। उन्होंने दोहराया कि राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

06:40 PM, 04-Mar-2026

ईरान संकट पर संयम की जरूरत, ब्रिटेन को 'कूल हेड' से काम लेना होगा- स्टारमर

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा है कि ईरान से जुड़े बढ़ते संकट के बीच ब्रिटेन को शांत और संतुलित तरीके से काम लेना होगा। उन्होंने संसद में कहा कि मौजूदा हालात में स्पष्ट रणनीति और ठंडे दिमाग से फैसले लेने की जरूरत है। स्टारमर ने बताया कि ब्रिटेन क्षेत्र में सैन्य तैयारियों को लेकर अमेरिका के साथ लगातार संपर्क में है। इसमें एयर डिफेंस सिस्टम, काउंटर-ड्रोन तकनीक और एफ-35 लड़ाकू विमानों की तैनाती जैसे कदम शामिल हैं।

06:40 PM, 04-Mar-2026

 स्पेन के समर्थन में उतरा यूरोपीय संघ, ट्रंप की धमकियों के बीच जताई एकजुटता

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज से बातचीत कर यूरोपीय संघ की पूरी एकजुटता जताई है। कोस्टा ने कहा कि यूरोपीय संघ अपने सदस्य देशों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पेन को चेतावनी दी है कि अगर वह ईरान पर हमलों से जुड़े सैन्य अभियानों के लिए अपने सैन्य ठिकाने इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देता तो अमेरिका स्पेन के साथ व्यापार बंद कर सकता है।

06:40 PM, 04-Mar-2026

कतर में एलएनजी उत्पादन बंद, कतर एनर्जी ने खरीदारों के लिए 'फोर्स मेज्योर' घोषित किया

कतर एनर्जी ने अपने प्रभावित खरीदारों के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ घोषित कर दिया है। इससे पहले कंपनी ने सैन्य हमलों के बाद एलएनजी और उससे जुड़े उत्पादों का उत्पादन रोकने की घोषणा की थी। कतरएनर्जी ने बताया कि रास लफान और मेसाईद इंडस्ट्रियल सिटी स्थित उसके संचालन केंद्रों पर हमलों के कारण यह फैसला लेना पड़ा। उत्पादन रुकने की खबर के बाद वैश्विक गैस बाजार में हलचल मच गई और डच तथा ब्रिटिश गैस कीमतों में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
 

06:01 PM, 04-Mar-2026

अमेरिका-इस्राइल हमलों में ईरान में मौत का आंकड़ा 1045 पहुंचा

अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बीच ईरान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,045 हो गई है। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार यह आंकड़ा युद्ध शुरू होने के बाद लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कई शहरों में हमलों के कारण भारी नुकसान हुआ है। वहीं राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में काम कर रहे हैं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

06:01 PM, 04-Mar-2026

ईरान की चेतावनी, क्षेत्र के सैन्य और आर्थिक ढांचे को तबाह कर देंगे

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी है कि यदि संघर्ष बढ़ता है तो पूरे क्षेत्र के सैन्य और आर्थिक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी अधिकारियों ने कहा कि देश पर हमलों का कड़ा जवाब दिया जाएगा। सरकारी एजेंसी के अनुसार अब तक जारी युद्ध में कम से कम 1,045 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

06:01 PM, 04-Mar-2026

कजविन के अलवंद में फैक्ट्री पर हमला, 23 लोग घायल

ईरान के उत्तर-पश्चिमी क़ज़विन प्रांत के अलवंद शहर में एक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी पर हुए हमले में कम से कम 23 लोग घायल हो गए। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने क़ज़विन गवर्नर कार्यालय के हवाले से यह जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार इस हमले के बाद पूरे प्रांत में कुल छह लोगों की मौत भी हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल की जांच कर रही हैं।
 

05:27 PM, 04-Mar-2026

तुर्किये ने ईरान से दागी बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया

तुर्किये ने कहा है कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को नाटो की वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय के अनुसार मिसाइल इराक और सीरिया के हवाई क्षेत्र से गुजरते हुए तुर्किये की ओर बढ़ रही थी, लेकिन उसके तुर्किये के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही उसे रोक दिया गया। घटना में किसी तरह के नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है।

04:18 PM, 04-Mar-2026

कतर ने ईरान के 10 ड्रोन और दो क्रूज मिसाइल मार गिराए

कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागे गए 10 ड्रोन और दो क्रूज मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार सभी हमलों को समय रहते रोक लिया गया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब क्षेत्र में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा हुआ है। कतर की सेना ने कहा कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी रक्षा प्रणालियां पूरी तरह सक्रिय हैं।

03:28 PM, 04-Mar-2026

सऊदी की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी पर मिसाइल से फिर हमला 

रॉयटर्स को चार सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरामको की सबसे बड़ी घरेलू रिफाइनरी स्थित रास तानूरा पर बुधवार को एक अज्ञात मिसाइल से फिर से हमला किया गया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि परिसर में किस चीज से हमला हुआ, जिसे ड्रोन हमले के कारण सोमवार को बंद कर दिया गया था।

02:41 PM, 04-Mar-2026

ईरान के इस्फहान प्रांत में पांच लोगों की मौत

तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक आज सुबह इस्राइली हमलों में ईरान के सेंट्रल इस्फहान प्रांत में पांच लोगों की मौत हो गई। एजेंसी ने बताया कि नजफाबाद, फेरेदान, मोबाराकेह, अरन वा बिडगोल, काशान और शाहरेजा में हुए इन हमलों में 15 घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

02:36 PM, 04-Mar-2026

इराक के कुर्दिस्तान में ईरानी कुर्द विपक्षी मुख्यालय को निशाना बनाया

एचटी ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि बुधवार को इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में एक ईरानी कुर्द विपक्षी समूह के मुख्यालय पर ड्रोन से हमला किया गया। हताहतों की संख्या या नुकसान की सीमा के बारे में तत्काल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं थी।

02:35 PM, 04-Mar-2026

इस्राइली F-35 ने तेहरान के ऊपर ईरानी लड़ाकू विमान को गिराया

इस्राइली सेना के मुताबिक इस्राइली F-35 ने तेहरान के ऊपर ईरानी लड़ाकू विमान को मार गिराया।

02:29 PM, 04-Mar-2026

ईरान के विदेश मंत्री का ट्रंप पर हमला

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड पर एक बार फिर निशाना साधा और जंग के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंन एक्स पोस्ट में लिखा-जब जटिल परमाणु वार्ताओं को रियल एस्टेट सौदे की तरह लिया जाता है और बड़े-बड़े झूठ हकीकत पर परदा डाल देते हैं, तब अवास्तविक उम्मीदों का पूरा होना नामुमकिन हो जाता है। नतीजा? गुस्से और हठ में बातचीत की मेज़ पर ही बमबारी कर देना। ट्रंप ने कूटनीति के साथ-साथ उन अमेरिकियों से भी विश्वासघात किया, जिन्होंने उन्हें चुना था।
 

02:05 PM, 04-Mar-2026

इस्राइली सेना की तेहरान पर हमलों की नई लहर

इस्राइल की सेना का कहना है कि उसने तेहरान में सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर 'हमलों की एक बड़ी लहर' शुरू कर दी है। यह घोषणा पूर्वी तेहरान में एक भारी धमाके की खबर के तुरंत बाद आई है।

02:04 PM, 04-Mar-2026

ईरान से 470 से अधिक चीनी नागरिकों को निकाला

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि अमेरिका और इस्राइली हमले शुरू होने के बाद से ईरान से 470 से ज्यादा चीनी नागरिकों को निकाला गया है। प्रवक्ता ने होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आस-पास के 'सुरक्षा और स्थिरता' के लिए चीन की अपील को भी दोहराया। साथ ही वैश्विक व्यापार के लिए इसके महत्व पर जोर दिया।

01:43 PM, 04-Mar-2026

इस्राइल 4-5 मार्च की रात को हवाई क्षेत्र फिर से खोलेगा

इस्राइल 4 और 5 मार्च की रात के बीच अपना हवाई क्षेत्र खोलेगा और खाड़ी क्षेत्र में फंसे इस्राइलियों को सुरक्षित निकालने के लिए बेन गुरियन हवाई अड्डे से सीमित उड़ानें फिर से शुरू करेगा। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने के मद्देनजर इस्राइल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले की घोषणा की।

उन्होंने कहा, 'बुधवार और गुरुवार की रात के बीच हवाई क्षेत्र को धीरे-धीरे खोला जाएगा और निश्चित रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन किया जाएगा। हम सुरक्षा निर्देशों के अनुसार इस्राइली नागरिकों को सुरक्षित घर वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

01:39 PM, 04-Mar-2026

पूर्वी तेहरान में भारी धमाकों की आवाजें

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार पूर्वी तेहरान में भारी विस्फोटों की आवाज सुनी गई है।

12:55 PM, 04-Mar-2026

यूएई में फ्रांसीसी राफेल जेट ने ईरानी ड्रोन को रोका

फ्रांस के विदेश मंत्री ने कहा कि फ्रांसीसी राफेल लड़ाकू विमानों ने संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बना रहे ईरानी ड्रोन को पहले ही रोककर निष्क्रिय कर दिया है। मंत्री ने कहा कि विमानों ने आने वाले ड्रोनों का मुकाबला करने के लिए कार्रवाई की। इससे पहले बढ़ते संघर्ष के बीच क्षेत्रीय सहयोगियों की रक्षा के प्रयासों में फ्रांस की भागीदारी उजागर हुई। ड्रोनों की संख्या या अवरोधन के स्थान के बारे में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
 

12:19 PM, 04-Mar-2026

ईरानी सुप्रीम लीडर पर इस्राइल का बयान

AP की रिपोर्ट के मुताबिक जैसे ही ईरान ने नया सुप्रीम लीडर चुना इस्राइली रक्षा मंत्री का बयान सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक इस्राइल काट्स ने कहा कि जो भी सुप्रीम नेता होगा, उसे 'खत्म करने का टारगेट' बनाया जाएगा।

11:55 AM, 04-Mar-2026

अमेरिकी और इस्राइली ठिकानों पर 40 से अधिक मिसाइलें दागीं

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के बीच जवाबी हमलों के तहत अमेरिकी और इस्राइली ठिकानों पर 40 से अधिक मिसाइलें दागीं। गार्ड्स ने कहा कि मिसाइलों ने दोनों देशों से जुड़े सैन्य और रणनीतिक स्थलों को निशाना बनाया।

11:48 AM, 04-Mar-2026

आज सुपुर्द-ए-खाक होंगे सकते हैं खामेनेई

अमेरिकी इस्राइल के हमले में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई आज रात को सुपुर्द ए खाक किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खामेनेई को रात 10 बजे सुपुर्द ए खाक किया जा सकता है। 

11:03 AM, 04-Mar-2026

IRGC का होर्मुज जलडमरूमध्य पर 'पूर्ण नियंत्रण' का दावा

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बुधवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उनका "पूर्ण नियंत्रण" है, और चेतावनी दी कि तेल और गैस के इस महत्वपूर्ण मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को मिसाइलों या ड्रोन हमलों का खतरा हो सकता है।

गार्ड्स नौसेना के अधिकारी मोहम्मद अकबरजादेह ने फार्स समाचार एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में कहा कि वर्तमान में होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से इस्लामी गणराज्य की नौसेना के नियंत्रण में है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी नौसेना सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए तैयार है।

10:45 AM, 04-Mar-2026

अमेरिका-इस्राइल-ईरान हमले के बड़े अपेड्ट

  • अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने शनिवार से ईरान भर में लगभग 2,000 ठिकानों पर हमले किए हैं और एक पनडुब्बी सहित 17 ईरानी जहाजों को नष्ट कर दिया है।
  • ईरान के शहरों में लगातार चौथी रात विस्फोटों का सिलसिला जारी रहा, जिनमें तेहरान भी शामिल है, और आईआरजीसी ने जवाबी हमले जारी रखने का संकल्प लिया है।
  • डेमोक्रेटिक सांसदों का कहना है कि ट्रंप के तर्क अपर्याप्त साबित हो रहे हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि अमेरिका राष्ट्रपति के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर सैन्य बल तैनात कर सकता है।
  • इस्राइल ने लेबनान पर हमले तेज कर दिए हैं। बालबेक, अरामौन और सादियाथ में आवासीय भवनों पर हुए हमलों में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा, उसने हजमीह में एक होटल पर भी बमबारी की है।
  • ईरान ने अपने जवाबी हमले जारी रखे हैं। कुवैत ने एक बच्चे की मौत की सूचना दी है और सऊदी अरब ने दो मिसाइलों और नौ ड्रोन को रोकने की घोषणा की है।
  • इराक में पश्चिमी अल-काइम में ईरान समर्थक पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के मुख्यालय पर हमला हुआ। बगदाद हवाई अड्डे के पास एक अमेरिकी सुविधा को ड्रोन हमले का निशाना बनाया गया।

10:44 AM, 04-Mar-2026

रूस और चीन ने ईरान पर हमलों का विरोध किया

रूस और चीन के विदेश मंत्रियों ने ईरान पर अमेरिका-इस्राइल के हमले की आलोचना की है। बीजिंग के शीर्ष राजनयिक वांग यी ने इस्राइल से तत्काल हमले रोकने का आह्वान किया है। वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मॉस्को को इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि ईरान परमाणु बम हासिल करने की कोशिश कर रहा है।

10:19 AM, 04-Mar-2026

बगदाद एयरपोर्ट के पास अमेरिकी केंद्र पर हमला

अल जजीरा अरेबिक की रिपोर्ट के मुताबिक एक ड्रोन ने बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मौजूद अमेरिकी एंबेसी के लॉजिस्टिक सपोर्ट कैंप को निशाना बनाया है। अधिक जानकारी की प्रतिक्षा की जा रही है। 

09:33 AM, 04-Mar-2026

इस्राइल ने लेबनान से आने वाले रॉकेटों को नष्ट किया

इस्राइली सेना ने पिछले एक घंटे में कहा है कि उन्होंने लेबनानी क्षेत्र से दागे गए कई मिसाइलों की पहचान की है और खुले क्षेत्र में गिरे एक मिसाइल को छोड़कर अधिकांश मिसाइलों को रोक दिया गया है। 

09:24 AM, 04-Mar-2026

सऊदी अरब ने अल खर्ज के ऊपर दो मिसाइलों को रोका

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने अल-खारज प्रांत के ऊपर से गुजर रही दो क्रूज मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया है।

08:57 AM, 04-Mar-2026

हम युद्ध रोकने के लिए तैयार हैं: ईरान

ईरान के सुप्रीम लीडर रहे खामेनेई के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि हम युद्ध रोकने के लिए तैयार हैं। हम बातचीत के लिए तैयार हैं। लेकिन बातचीत सम्मान के साथ होनी चाहिए, ईरान के खिलाफ कुछ हुक्म देने के लिए नहीं। हम अपना बचाव कर रहे हैं। हम अपना हक ढूंढ रहे हैं और कुछ नहीं।

08:55 AM, 04-Mar-2026

लेबनान के बालबेक में आवासीय इमारत को निशाना बनाया 

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएए) के अनुसार, बुधवार तड़के पूर्वी लेबनानी शहर बालबेक में एक इस्राइली हवाई हमले में एक चार मंजिला इमारत को निशाना बनाया गया।

एनएनए ने कहा कि दुश्मन के विमानों ने सुबह बालबेक में एक आवासीय परिसर में चार मंजिला इमारत को निशाना बनाया। दरअसल, यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां हिजबुल्ला की मजबूत उपस्थिति है। एजेंसी ने कई लोगों के मरने की सूचना है। घटनास्थल से पीड़ितों के शवों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।

08:29 AM, 04-Mar-2026

इस्राइल ने लेबनान के 16 गांवों के लिए जारी किया आदेश

इस्राइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के 16 गांवों और कस्बों के लोगों को जबरन हटाने के नए आदेश जारी किए हैं। इनमें मजदल सेल्म, हौला और शाकरा शामिल हैं। हिजबुल्ला के खिलाफ नियोजित कार्रवाई से पहले इसे तत्काल चेतावनी बताया। नए निर्देश में कहा गया कि आपकी सुरक्षा के लिए, आपको तुरंत अपने घर खाली करने होंगे और खुले क्षेत्रों में जाना होगा। नोटिस में लेबनान-इस्राइल सीमा के पास 16 स्थानों की सूची दी गई है।

08:27 AM, 04-Mar-2026

लेबनान के बालबेक पर इस्राइल हमले में कई लोग मारे गए: रिपोर्ट

लेबनान की NNA सरकारी न्यूज एजेंसी ने बताया है कि पूर्वी लेबनान के बालबेक शहर में एक रिहायशी इमारत पर इस्राइली हवाई हमले में कई लोग मारे गए। एनएनए ने बताया कि बचावकर्मी मलबे के नीचे फंसे परिवारों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।

07:58 AM, 04-Mar-2026

लेबनान पर इस्राइली हमले में छह लोगों की मौत, आठ घायल: रिपोर्ट

लेबनान के अल मायादीन टेलीविजन की रिपोर्ट है कि माउंट लेबनान इलाके में अरामून और सादियात पर इस्राइली हवाई हमले में कम से कम छह लोग मारे गए हैं। न्यूज संस्था ने लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का हवाला दिया। इसने कहा कि हमले में आठ अन्य घायल हुए हैं। इससे पहले लेबनानी अधिकारियों ने कहा था कि इस्राइली हमले से मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है, जबकि 335 लोग घायल हुए हैं।

07:36 AM, 04-Mar-2026

कुवैत ड्रोन हमले में मारे गए चार यूएस आर्मी रिजर्व सैनिकों की पहचान

संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के खिलाफ युद्ध में मारे गए पहले चार अमेरिकी सैनिकों की पहचान की है, जबकि ट्रंप प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बढ़ते संघर्ष के परिणामस्वरूप और अधिक अमेरिकी हताहत हो सकते हैं।

ये चारों सैनिक अमेरिकी सेना रिजर्व की आयोवा स्थित इकाई के सदस्य थे और संघर्ष में अब तक मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों में शामिल थे। अमेरिकी सेना के अनुसार, रविवार को कुवैत के पोर्ट शुएबा में एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमले में उनकी मौत हो गई।

पेंटागन ने बताया कि 20 से 42 वर्ष की आयु के ये सैनिक आयोवा के डेस मोइन्स स्थित 103वीं सस्टेनमेंट कमांड में कार्यरत थे। यह इकाई सेना के वैश्विक रसद और आपूर्ति नेटवर्क का हिस्सा है।

07:34 AM, 04-Mar-2026

ईरान में 2000 ठिकानों को बनाया निशाना 

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एडमिरल ब्रैड कूपर ने एक वीडियो संदेश में कहा, 'हमने लगभग 2000 ठिकानों पर हमला किया है। हमने ईरान की हवाई सुरक्षा को बुरी तरह से कमजोर कर दिया है और ईरान की सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलों, लॉन्चरों और ड्रोनों को नष्ट कर दिया है।

 

06:26 AM, 04-Mar-2026

ईरान के नए ‘सुप्रीम लीडर’ बने मोजताबा खामेनी

अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच ईरान की एसेम्बली ऑफ एक्सपर्ट्स ने 56 वर्षीय मोजताबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुना है। मोजताबा, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के सबसे बड़े बेटे हैं।मोजताबा कोई उच्च पदस्थ धार्मिक नेता नहीं हैं और उन्होंने कभी सरकारी पद नहीं संभाला। इसके बावजूद वह पीछे से देश की राजनीति पर महत्वपूर्ण प्रभाव रखते हैं। विशेष रूप से, मोजताबा का ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (पैरामिलिट्री बल) के साथ करीबी संबंध भी माना जाता है।

 

06:20 AM, 04-Mar-2026

अमेरिका का दावा: ईरान पर लगभग 2,000 सैन्य ठिकानों पर हमला किया

अमेरिकी सेनाओं के सेंट्रल कमांड ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान में पिछले कुछ दिनों में लगभग 2,000 लक्ष्यों (टार्गेट्स) पर हमले किए हैं। इन हमलों में ईरान की मिसाइल लॉन्च साइट, नौसेना के जहाज, एक पनडुब्बी और अन्य सैन्य ढांचे निशाना बनाए गए। CENTCOM प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने बताया कि इस ऑपरेशन में 50,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक, 200 फाइटर जेट, दो विमानवाहक पोत और बमबाज विमान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह मध्य पूर्व में पिछले दशक का सबसे बड़ा अमेरिकी सैन्य अभियान है। अमेरिका ने ईरान की आकाश रक्षा, बैलिस्टिक मिसाइल, ड्रोन लॉन्चर और कमांड केंद्रों को भारी नुकसान पहुँचाने का दावा किया है, जिससे ईरान की युद्ध क्षमता कमजोर हुई है।

06:18 AM, 04-Mar-2026

अमेरिका का दावा: ईरान की जवाबी हमले की क्षमता घट रही

अमेरिकी सेनाओं के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) प्रमुख ने कहा कि ईरान ने अमेरिका और इस्राइल के हमलों के जवाब में अब तक 500 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें और 2,000 से अधिक ड्रोन दागे हैं। लेकिन उन्होंने दावा किया कि लगातार हमलों के कारण ईरान की मिसाइलों और लॉन्चिंग ठिकानों की क्षमता कमजोर हो रही है। सेंट्रल कमांड प्रमुख ने कहा कि हम देख रहे हैं कि ईरान की हमारी ओर और हमारे सहयोगियों की ओर हमला करने की क्षमता घट रही है, जबकि हमारी युद्ध शक्ति बढ़ रही है। हमारी कुल ऑपरेशनल स्थिति हमारे योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है।

 

05:54 AM, 04-Mar-2026

आज क्या-क्या हुआ?

  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान के संभावित हमले की आशंका के चलते अमेरिका को इस्राइल के साथ हमले में शामिल होने का आदेश दिया। हालांकि यह बयान उनके विदेश मंत्री के बयान से अलग है।
  • ईरान ने लगातार चौथी रात भी इस्राइल और मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर हमले जारी रखे। दुबई स्थित अमेरिकी दूतावास और यूएई के फुजैराह बंदरगाह पर हमले की खबरें आईं।
  • अमेरिका और इस्राइल ने ईरान पर हमले जारी रखे। क़ुम शहर में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स की इमारत को निशाना बनाया गया। शनिवार से अब तक ईरान में मरने वालों की संख्या 787 पहुंच गई है।
  • लेबनान में इस्राइल ने बेरूत और सैदा (सिडोन) में बमबारी की और दक्षिणी हिस्सों में सेना को नई जगहों पर तैनाती की मंजूरी दी।
  • ट्रंप ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो अमेरिका हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देने के लिए नौसेना तैनात करेगा। उधर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने इस मार्ग को बंद घोषित किया।इराक ने भी तेल उत्पादन धीमा या रोक दिया है।
  • कतर ने बताया कि उसने ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़े दो स्लीपर सेल का भंडाफोड़ किया और कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया

05:48 AM, 04-Mar-2026

लेबनान में तीन पैरामेडिक्स की मौत

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बताया कि दक्षिणी लेबनान के टायर क्षेत्र में घायलों को बचाने के दौरान तीन पैरामेडिक्स की मौत हो गई और छह घायल हो गए। उन्होंने कहा कि संघर्ष बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

 

05:48 AM, 04-Mar-2026

संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी- जंग से आम लोग सबसे ज्यादा प्रभावित

संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के प्रमुख टॉम फ्लेचर ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ईरान, लेबनान, सीरिया, इस्राइल, यूएई, बहरीन, कतर, कुवैत और सऊदी अरब सहित कई देशों में घरों, अस्पतालों और स्कूलों पर हमले हो रहे हैं। सहायता संगठनों को भी काम करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

05:47 AM, 04-Mar-2026

सऊदी अरब ने कहा- देश की सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएंगे

सऊदी अरब की कैबिनेट ने कहा है कि देश अपनी सुरक्षा, सीमा, नागरिकों और यहां रहने वाले लोगों की रक्षा के लिए जरूरी सभी कदम उठाएगा। यह बयान ईरान द्वारा सऊदी अरब में कई हमलों और रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमले के बाद आया है।

05:46 AM, 04-Mar-2026

कनाडा ने ओमान से हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने की मांग की

 

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी से जरूरत पड़ने पर ओमान का हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी है, ताकि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद कनाडाई नागरिकों को निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करीब 1 लाख कनाडाई नागरिक हैं। फिलहाल सरकार सामूहिक निकासी की योजना नहीं बना रही है और लोगों से अपने स्तर पर सुरक्षित लौटने को कहा गया है।

04:28 AM, 04-Mar-2026

ट्रंप ने स्पेन से व्यापार खत्म करने की दी धमकी

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेन के साथ व्यापार बंद करने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि स्पेन ने अमेरिका और इस्राइल के ईरान पर हमलों का समर्थन नहीं किया और नाटो में रक्षा खर्च बढ़ाने से भी इनकार किया है। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात के दौरान कहा कि हम स्पेन से सारा व्यापार बंद कर देंगे। हमें स्पेन से कोई मतलब नहीं।

यह बयान उस समय आया जब स्पेन के विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र की मंजूरी के बिना अमेरिकी हमलों के लिए अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल नहीं करने देगा। हालांकि, स्पेन यूरोपीय संघ का सदस्य है और व्यापार समझौते यूरोपीय संघ के जरिए तय होते हैं। ऐसे में ट्रंप कैसे व्यापार रोकेंगे, यह साफ नहीं है। स्पेन ने कहा कि वह नाटो का अहम सदस्य है और अपनी जिम्मेदारियां निभा रहा है। वहीं ट्रंप ने आरोप लगाया कि स्पेन नाटो के तय 5% रक्षा खर्च लक्ष्य को मानने के लिए तैयार नहीं है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ईरान पर हमलों को खतरनाक और अनुचित बताया और तनाव कम करने की मांग की है।

 

04:23 AM, 04-Mar-2026

ब्रिटेन बोला- सऊदी अरब पर ईरानी हमले पूरी तरह अस्वीकार्य’

ब्रिटेन की विदेश मंत्री इवेट कूपर ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर हुए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में अमेरिकी दूतावास को भी निशाना बनाया गया था। कूपर ने सोशल मीडिया पर कहा कि रियाद पर ईरान के हमले “पूरी तरह अस्वीकार्य” हैं। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाले ऐसे लापरवाह और अस्थिर करने वाले हमलों की ब्रिटेन निंदा करता है। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन सऊदी अरब और क्षेत्र के अपने अन्य सहयोगी देशों के साथ खड़ा है।

04:20 AM, 04-Mar-2026

ट्रंप बोले- खाड़ी में फंसे जहाजों को अमेरिकी सेना देगी सुरक्षा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि अमेरिका दुनिया में ऊर्जा की सप्लाई किसी भी हाल में जारी रखेगा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की आर्थिक और सैन्य ताकत दुनिया में सबसे मजबूत है, और जरूरत पड़ी तो और कदम उठाए जाएंगे।

04:16 AM, 04-Mar-2026

इराक में ड्रोन हमले, बग़दाद हवाई अड्डे के पास ड्रोन गिरा

 

बगदाद हवाई अड्डे के पास एक ड्रोन को गोली मारकर गिरा दिया गया, लेकिन इसमें कोई घायल या नुकसान नहीं हुआ, इराकी समाचार एजेंसी ने बताया। उधर, इराक के उत्तरी क्षेत्र इर्बिल में नई ड्रोन और मिसाइलों की लहर देखी गई। विस्फोट और धुएँ की जानकारी मिली, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। कई ड्रोन अमेरिकी काउंसुलेट के आसपास उड़ रहे थे, लेकिन सीधे इसे नहीं निशाना बनाया गया। हालांकि इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन के मलबे से कुछ जगहों पर आग लगी और संपत्ति को नुकसान पहुँचा।

 

03:59 AM, 04-Mar-2026

इस्राइल ने ईरान के छिपे हुए परमाणु स्थल पर हमला किया

इस्राइली सेना ने कहा कि उसने तेहरान के पश्चिम में स्थित एक भूमिगत परमाणु स्थल पर हवाई हमला किया। इस साइट पर वैज्ञानिक परमाणु हथियार के एक मुख्य घटक पर गुप्त रूप से काम कर रहे थे। इस निशानेबाजी से वैज्ञानिकों की गतिविधियों को रोका गया।

03:59 AM, 04-Mar-2026

कतर में ईरान समर्थित दो जासूसी सैल गिरफ्तार

कतर की सुरक्षा एजेंसियों ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़े दो जासूसी सैल गिरफ्तार किए। यह पहला मामला है जब क़तर में ऐसे गिरफ़्तारी हुई हैं, जो इस्राइल और अमेरिका के ईरान पर हवाई हमलों और ईरान की प्रतिक्रिया के बाद हुई।

03:59 AM, 04-Mar-2026

यूएई पर 1,000 से ज्यादा हमले

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कहा कि ईरान द्वारा अब तक 1,000 से ज्यादा हमले किए गए। UAE ने यह भी कहा कि उसने अमेरिकी या इस्राइली युद्ध में हिस्सा नहीं लिया और अपनी जमीन या हवाई क्षेत्र का उपयोग किसी हमले के लिए नहीं होने दिया। देश ने अपने अधिकार में सुरक्षा बनाए रखने की बात कही।

03:58 AM, 04-Mar-2026

इस्राइली सेना ने 300 ईरानी मिसाइल लॉन्चर नष्ट किए

इस्राइल ने बताया कि ऑपरेशन ‘रोअरिंग लायन’ के तहत अबतक लगभग 300 ईरानी मिसाइल लॉन्चर नष्ट किए गए हैं। इस अभियान में 1,600 से ज्यादा हवाई मिशन किए गए ताकि मिसाइलों और उनके स्टॉकपाइल को ढूंढकर हवाई हमले के जरिए घर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

03:57 AM, 04-Mar-2026

बहरीन ने 74 मिसाइल और 92 ड्रोन रोक लिए

 

बहरीन की सेना ने बताया कि ईरान द्वारा मध्य पूर्व में हमले शुरू होने के बाद 74 मिसाइल और 92 ड्रोन सफलतापूर्वक रोक लिए गए। सेना ने कहा कि ऐसे हमले नागरिक इलाकों और निजी संपत्ति पर हमला करने जैसा है और यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। ऐसे हमले क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।

03:11 AM, 04-Mar-2026

दुबई में फंसे हैं इस्राइली नागरिक

इस्राइल की समाचार एजेंसी के अनुसार, सैकड़ों इज़राइली नागरिक दुबई में फंसे हुए हैं। कुछ लोग सरकार पर नाराज हैं क्योंकि छुट्टियों पर आए नागरिकों के लिए कोई विशेष निकासी व्यवस्था नहीं बनाई गई। दुबई में मिसाइल और ड्रोन हमलों की वजह से लोग भयभीत हैं। एक पर्यटक हिला हर्शकोविट्ज़ ने कहा कि “हम शुक्रवार से यहां हैं। दुबई में मिसाइलें और ड्रोन हैं, लेकिन कोई चेतावनी या अलार्म नहीं है।

03:11 AM, 04-Mar-2026

कतर ने अपने नागरिकों से अपील की

कतर सरकार ने देश के बाहर अपने नागरिकों से कहा है कि वे विदेश मंत्रालय की ऐप के जरिए रजिस्टर करें, ताकि किसी आपात स्थिति में उनसे संपर्क आसानी से किया जा सके।

03:11 AM, 04-Mar-2026

IAEA प्रमुख ने कहा- ईरान न्यूक्लियर बम नहीं बना रहा

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफाएल ग्रोसी ने कहा कि ईरान न्यूक्लियर बम नहीं बना रहा, लेकिन IAEA के निरीक्षकों को पूरी पहुंच न देना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अधिक मात्रा में हथियार जैसी यूरेनियम भंडार है और अगर ईरान IAEA के सवालों का समाधान नहीं करता है, तो एजेंसी यह सुनिश्चित नहीं कर सकती कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम सिर्फ शांतिपूर्ण है।

03:09 AM, 04-Mar-2026

अमेरिका ने इराक में नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह दी

अमेरिका की दूतावास ने इराक में अपने नागरिकों से कहा है कि वे जितनी जल्दी हो सके देश छोड़ दें। साथ ही अमेरिका ने इराक की यात्रा किसी भी कारण से न करने की चेतावनी दी। दूतावास ने कहा कि इराक के अधिकारी हवाई क्षेत्र को कभी भी बंद या खो सकते हैं, इसलिए अमेरिकी नागरिक एयरलाइन से फ्लाइट की जानकारी लेते रहें। इससे पहले प्रोल-ईरान प्रदर्शनकारियों ने बग़दाद में अमेरिकी दूतावास में प्रवेश करने की कोशिश की थी और ईरान समर्थित मिलिशिया ने अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की जिम्मेदारी ली है।

03:04 AM, 04-Mar-2026

कतर में बैलिस्टिक मिसाइल हमला, कोई हताहत नहीं

कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि देश पर ईरान से दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। इनमें से एक मिसाइल को एयर डिफेंस सिस्टम ने रोक दिया, जबकि दूसरी मिसाइल अल-उदेद एयर बेस पर लगी, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मिसाइल हमला कोई नुकसान या हताहत नहीं हुआ।

02:50 AM, 04-Mar-2026

जॉर्डन के अकाबा शहर में तीसरी बार बजे सायरन

जॉर्डन के बंदरगाह शहर अकाबा में तीसरी बार सायरन की आवाजें सुनाई दीं। अक़ाबा इस्राइल के बंदरगाह शहर एयलात के सामने स्थित है। यह घटना कुछ घंटे बाद हुई, जब जॉर्डन ने अपने हवाई क्षेत्र को फिर से नागरिक विमानों के लिए खोलने की घोषणा की थी। स्थानीय समाचार एजेंसियों और अल जज़ीरा अरबी के रिपोर्टर बता रहे हैं कि लोग सुरक्षित रहने के लिए सतर्क हैं।

01:55 AM, 04-Mar-2026

इस्राइल के UN राजदूत ने ईरान के लिए बेहतर भविष्य की उम्मीद जताई

इस्राइल के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत डैनी डैनॉन ने कहा है कि उन्हें ईरान के लिए उम्मीद है। उनका कहना है कि ईरान के लोग बेहतर भविष्य और अलग नेतृत्व के हकदार हैं। उन्होंने ईरान को एक मजबूत और सुंदर देश बताया, लेकिन कहा कि पिछले 47 साल से वहां का शासन आतंक का केंद्र बन गया है। डैनॉन ने कहा कि इस्राइल ने अमेरिका के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण लक्ष्यों पर हमला किया और उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान में लाखों लोग हैं जो बदलाव चाहते हैं और देश में सुधार देखना चाहते हैं।

01:44 AM, 04-Mar-2026

मैक्रों ने फ्रांस के न्यूक्लियर विमान वाहक को भूमध्यसागर भेजने का आदेश दिया

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को आदेश दिया कि फ्रांस का न्यूक्लियर विमान वाहक चार्ल्स डी गॉल बाल्टिक सागर से भूमध्यसागर भेजा जाए। इसका उद्देश्य पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के दौरान मित्र देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मैक्रों ने कहा कि विमान वाहक को उसके एयर विंग और साथ में फ्रिगेट जहाजों के साथ सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, पिछले कुछ घंटों में राफेल लड़ाकू विमान, वायु रक्षा प्रणाली और एयरबोर्न राडार सिस्टम भी मध्य पूर्व में तैनात किए गए हैं।

01:37 AM, 04-Mar-2026

दुबई में अमेरिकी कांसुलेट के पास धुआं उठता हुआ देखा गया

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें अल जज़ीरा ने सत्यापित किया है। इन वीडियो में दुबई में अमेरिकी कांसुलेट के आसपास धुआं उठता हुआ दिख रहा है। यह उस समय हुआ जब ईरान से संभावित हमले की खबरें आई थीं।

01:35 AM, 04-Mar-2026

दुबई में ड्रोन हादसे के बाद लगी आग काबू में, कोई घायल नहीं

दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि अमेरिका के कांसुलेट के पास ड्रोन से जुड़ी घटना के कारण लगी आग को काबू में कर लिया गया है। आपातकालीन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
 

 

12:52 AM, 04-Mar-2026

ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार, लेकिन शर्तों के साथ

ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका और इस्राइल के साथ युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत करने को तैयार है, लेकिन इज्जत के साथ और बिना किसी के दबाव में आए। ईरान के सर्वोच्च नेता के विशेष प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि हम युद्ध रोकने और बातचीत करने के लिए तैयार हैं। लेकिन बातचीत इज्जत के साथ होनी चाहिए, किसी के कहने पर नहीं। हम केवल अपने अधिकार के लिए लड़ रहे हैं।

 

इलाही ने कहा कि ईरान चाहता है कि अमेरिका और इस्राइल भविष्य में हमला न करें और अगर शांति होनी है तो उस समय लगे प्रतिबंध भी हटाने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान ने युद्ध शुरू नहीं किया, बल्कि केवल अपनी रक्षा कर रहा है। इस पूरे खबर को यहां पढ़ें..

12:45 AM, 04-Mar-2026

खाड़ी देशों के नेताओं से जेलेंस्की की बातचीत

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने आज उन देशों के नेताओं से बात की जो वर्तमान में ईरान के हमलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और कतर के अमीर से बातचीत की। जेलेंस्की ने कहा कि वे पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों के अन्य देशों के साथ भी कूटनीतिक संवाद जारी रखेंगे। उन्होंने ईरान की आलोचना करते हुए कहा कि दशकों से ईरानी शासन ने अपने पड़ोसियों और जहां भी पहुंच सकता था, वहां लोगों की जिंदगी को नुकसान पहुंचाने में निवेश किया है।
 

 

12:36 AM, 04-Mar-2026

यूएन ने पश्चिम एशिया में बच्चों पर असर की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों से बच्चों और आम लोगों पर बड़ा असर पड़ा है। यूएन ने चेताया कि स्कूल, अस्पताल और नागरिकों पर हमला नहीं होना चाहिए। ईरान में मिनाब शहर में 165 स्कूल लड़कियों और स्टाफ की मौत के बाद बड़ी जनसभा में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। यह अभियान में अब तक का सबसे खतरनाक हमला था।

12:35 AM, 04-Mar-2026

 ट्रंप ने ईरान पर हमला करने का नया औचित्य बताया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर इसलिए हमला किया क्योंकि ईरान एक महीने में परमाणु हथियार तैयार कर सकता था और वह इस्राइल पर हमला करने वाला था। ट्रंप ने कहा कि हम पहले ही हमला कर रहे हैं और ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

12:34 AM, 04-Mar-2026

लेबनानी सेना ने हिज्बुल्ला के 12 लड़ाके गिरफ्तार किए

लेबनान की सेना ने 12 हिज्बुल्ला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये लोग इस्राइल पर रॉकेट और ड्रोन दागने में शामिल बताए जा रहे हैं। सेना ने सिदोन जिले की एम्सैलेह सड़क और अवाली चेकपॉइंट पर कड़ी जांच की। हिज़्बुल्लाह की तरफ से अभी कोई बयान नहीं आया है।

12:30 AM, 04-Mar-2026

अमेरिका फंसे नागरिकों के लिए अमेरिकी की तैयारी

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी गृह विभाग ने कहा है कि वह पश्चिम एशिया छोड़ना चाहने वाले अमेरिकियों के लिए सैन्य और चार्टर उड़ानों की व्यवस्था कर रहा है। विदेश विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जिन अमेरिकी नागरिकों ने स्वदेश लौटने की इच्छा जताई है, उनके लिए विशेष उड़ानें चलाई जाएंगी।

रिपोर्ट के अनुसार, जरूरत पड़ने पर सैन्य विमानों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके। अमेरिकी सरकार ने अपने नागरिकों से स्थानीय दूतावासों और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

 

12:28 AM, 04-Mar-2026

कराची से बेरूत तक, खामेनेई की मौत के विरोध में कई जगह प्रदर्शन

ईरान के सुप्रीम लीडर और धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका और इस्राइल की संयुक्त हवाई हमलों में हत्या ने सिर्फ ईरान ही नहीं बल्कि पूरे शिया मुस्लिम समुदाय में हलचल मचा दी है। 86 वर्षीय खामनेई शिया मुस्लिमों के लिए राजनीतिक और धार्मिक रूप से एक प्रमुख नेता थे। उनके निधन ने शिया दुनिया में गुस्सा और चिंता दोनों पैदा कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में शिया अल्पसंख्यक और विशेष रूप से इराक की शिया आबादी इस घटना पर गहरा असर महसूस कर सकती है। शिया मुसलमान दुनिया की मुस्लिम आबादी का लगभग 10-15% हैं, जो मुख्य रूप से ईरान, इराक, बहरीन और अजरबैजान में रहते हैं। पाकिस्तान, लेबनान और यमन में भी बड़ी शिया आबादी है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की शिया कार्यकर्ता ममूना शिराजी कहती हैं कि खामनेई हमारे और सभी के नेता थे। उन्होंने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और हमेशा सच बोले। वे हमारे लिए पिता समान थे। खामेनेई की हत्या के कुछ ही घंटों में पाकिस्तान में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। कराची में अमेरिकी कांसुलेट पर हमला करने की कोशिश हुई और इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास के बाहर पुलिस से भिड़ंत हुई। संयुक्त राष्ट्र के कार्यालयों पर भी हमला हुआ। इन झड़पों में कम से कम 34 लोग मारे गए और 120 से अधिक घायल हुए।

इराक में प्रदर्शन
इराक में अमेरिकी दूतावास के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हुई। लेबनान में ईरान से जुड़े हिजबुल्ला ने पहली बार एक साल में इस्राइल की ओर मिसाइलें दागीं। इसके जवाब में इस्राइल ने हवाई हमले किए, जिनमें दर्जनों लोग मारे गए। दक्षिण और पूर्वी लेबनान के शिया क्षेत्रों में लाखों लोग अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हुए। इस्राइल ने 1 लाख रिज़र्व सैनिकों को बुलाया और दक्षिणी लेबनान में सेना भेजी।

12:26 AM, 04-Mar-2026

West Asia Crisis LIVE: खाड़ी देशों की बैठक में यूएई ने लिया हिस्सा, US ने PAK में तैनात कर्मचारियों को बुलाया

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार अमेरिका का गृह विभाग ने कहा है कि वह पश्चिम एशिया छोड़ना चाहने वाले अमेरिकियों के लिए सैन्य और चार्टर उड़ानों की व्यवस्था कर रहा है। विदेश विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जिन अमेरिकी नागरिकों ने स्वदेश लौटने की इच्छा जताई है, उनके लिए विशेष उड़ानें चलाई जाएंगी।

रिपोर्ट के अनुसार, जरूरत पड़ने पर सैन्य विमानों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके। अमेरिकी सरकार ने अपने नागरिकों से स्थानीय दूतावासों और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें